Guyana को सड़क और स्वास्थ्य परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ डॉलर देगा भारत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा में गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली से मुलाकात के दौरान इस बड़े वित्तीय सहयोग का एलान किया। दोनों देशों ने एमएसई विनिर्माण, त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं और डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई के क्रियान्वयन से जुड़े अहम समझौतों पर भी दस्तखत किए।

सेंट जोन्स, पांच नवंबर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एंटीगुआ एवं बारबुडा में गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली से मुलाकात के दौरान गुयाना में सड़क, स्वास्थ्य और रक्षा परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा बढ़ाने की घोषणा की। जयशंकर मंगलवार को सेंट जोन्स पहुंचे थे। उन्होंने बुधवार को राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक से इतर राष्ट्रपति अली से मुलाकात की।

जयशंकर ने बुधवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली से मिलकर खुशी हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 2024 की यात्रा के बाद हमारे द्विपक्षीय सहयोग में हुई निरंतर प्रगति की समीक्षा की।’’ जयशंकर ने कहा, ‘‘सड़क, स्वास्थ्य और रक्षा परियोजनाओं के लिए 50 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा बढ़ाने की घोषणा की।’’ दोनों देशों ने सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (एमएसई) की विनिर्माण परियोजनाओं की आपूर्ति और स्थापना से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए। जयशंकर ने कहा, ‘‘एमएसई की विनिर्माण परियोजनाओं की आपूर्ति एवं स्थापना, त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं (क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट्स) के क्रियान्वयन के लिए अनुदान सहायता तथा डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और गुयाना में यूपीआई जैसी प्रणाली के संचालन में सहयोग से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए।’’ इससे पहले जयशंकर ने राष्ट्रमंडल के शासनाध्यक्षों और कारोबारियों की नाश्ते पर आयोजित बैठक में हिस्सा लिया।

इस दौरान उन्होंने राष्ट्रमंडल के साझेदार देशों से जोखिम कम करने और विविधता लाने का आग्रह किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़