Lightspeed Venture Partners ने PhysicsWallah से खत्म की अपनी 1.61% हिस्सेदारी, 550 करोड़ का हुआ मेगा Exit Deal

 PhysicsWallah
ANI

लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स ने फिजिक्सवाला में अपनी 1.61 प्रतिशत की पूरी हिस्सेदारी 550 करोड़ रुपये में बेचकर एग्जिट किया है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल और गोल्डमैन सैक्स जैसे 16 बड़े संस्थागत निवेशकों द्वारा इन शेयरों की खरीदारी एडटेक क्षेत्र में बढ़ते भरोसे और बाजार के समीकरणों में बदलाव को दर्शाती है।

 लाइटस्पीड वेंचर पार्टनर्स ने एनएसई पर सौदे के जरिये शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी फिजिक्सवाला में अपनी पूरी 1.61 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 550 करोड़ रुपये में बेच दी। अमेरिका स्थित निवेशक की सहयोगी कंपनी लाइटस्पीड अपॉर्च्युनिटी फंड-2 एलपी ने 4,66,98,120 शेयर बेचे जो नोएडा स्थित फिजिक्सवाला में 1.61 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। यह सौदा बुधवार को 117.72 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुआ और इसका कुल मूल्य 549.73 करोड़ रुपये रहा। कई संस्थागत निवेशकों ने शेयर खरीदने के लिए कदम बढ़ाया।

कुल 16 प्रतिभागियों ने समान कीमत पर शेयर खरीदे। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड सबसे बड़ा खरीदार रहा। उसने 2.20 करोड़ शेयर खरीदे, जो करीब 0.76 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। इन शेयर के लिए उसने 258.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया। गोल्डमैन सैक्स की पांच इकाइयों ने मिलकर 89.67 लाख शेयर करीब 105.57 करोड़ रुपये में खरीदे। टाटा एआईए लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने 33.97 लाख शेयर 40 करोड़ रुपये में खरीदे।

अन्य खरीदारों में मॉर्गन स्टेनली, सोसाइटी जेनरल, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स, विरिडियन एसेट मैनेजमेंट, घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, मेडिओलानम इंटरनेशनल फंड्स और न्यूयॉर्क स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट सिस्टम शामिल हैं। फिनलैंड की वित्तीय सेवा कंपनी ओपी पोहजोला और स्विट्जरलैंड के निजी बैंक जे सफरा सारासिन ने भी इस सौदे में शेयर खरीदे। गौरतलब है कि फिजिक्सवाला ने इस महीने की शुरुआत में बताया था कि ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शिक्षा कारोबार में वृद्धि के दम पर अप्रैल-जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध घाटा कम होकर 77.57 करोड़ रुपये रह गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़