Pro Wrestling League का छठा सत्र 3 जनवरी से KD जाधव स्टेडियम में, 30 नवंबर को नीलामी

भारतीय कुश्ती महासंघ की देखरेख में आयोजित होने वाले प्रो रेसलिंग लीग के संशोधित कार्यक्रम के तहत मुकाबले 3 से 19 जनवरी तक दिल्ली में होंगे। अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में बदलाव के चलते यह फैसला लिया गया ताकि दुनिया भर के शीर्ष पहलवान टूर्नामेंट में उतर सकें। इससे पहले खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को मुंबई में होगी जिसमें कई दिग्गज शामिल होंगे।
प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के छठे सत्र के कार्यक्रम में संशोधन किया गया है और अब इसका आयोजन तीन से 19 जनवरी तक यहां के केडी जाधव स्टेडियम में किया जाएगा। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) की देखरेख में आयोजित किए जाने वाले पीडब्ल्यूएल ने यह भी घोषणा की कि आगामी सत्र के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को मुंबई में होगी। कार्यक्रम को विश्व कुश्ती की सर्वोच्च संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के कैलेंडर में किए गए बदलाव के बाद संशोधित किया गया है, जिससे कि इस लीग पर अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का प्रभाव नहीं पड़े तथा भारत और विदेशों के सर्वश्रेष्ठ पहलवान इसमें भाग ले सकें।
नीलामी में ओलंपिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेताओं सहित दुनिया के कुछ शीर्ष पहलवानों के शामिल होने की संभावना है। इस बार नीलामी में रिकॉर्ड बोली लगने की संभावना है। पिछली नीलामी में जापानी दिग्गज युई सुसाकी की सबसे बड़ी बोली लगी थी।
उन्हें 60 लाख रुपये में खरीदा गया था जो पीडब्ल्यूएल का रिकॉर्ड है। भारतीय खिलाड़ियों में अमन सहरावत, अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल पर सबसे बड़ी बोली लगी थी। इनमें से प्रत्येक ने 50 लाख रुपये से अधिक की रकम हासिल की।
पीडब्ल्यूएल के छठे सत्र में छह फ्रेंचाइजी टीमें टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स, हरियाणा थंडर, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डोमिनेटर्स खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह प्रतियोगिता नौ ओलंपिक भार वर्गों में आयोजित की जाएगी। इसमें पुरुष वर्ग में 57 किलोग्राम, 65 किलोग्राम, 74 किलोग्राम, 86 किलोग्राम और 125 किलोग्राम तथा महिला वर्ग में 53 किलोग्राम, 57 किलोग्राम, 62 किलोग्राम और 76 किलोग्राम शामिल हैं।
अन्य न्यूज़














