Harry Kane बने England के नए 'सुल्तान', World Cup में गोल कर बनाया महारिकॉर्ड.

Harry Kane
प्रतिरूप फोटो
X @HKane
Ankit Jaiswal । Jun 28 2026 11:23PM

इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने विश्व कप में अपना 11वां गोल दागकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिससे वह गैरी लिनेकर को पछाड़कर इंग्लैंड के टॉप स्कोरर बन गए हैं। पनामा पर 2-0 की जीत के साथ इंग्लैंड ने नॉकआउट चरण में प्रवेश किया, वहीं केन मौजूदा टूर्नामेंट में तीन गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में शामिल हो गए हैं।

विश्व कप 2026 में इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। पनामा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में गोल करते ही उन्होंने इंग्लैंड के लिए विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करा लिया है। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम किया और ग्रुप विजेता के रूप में अंतिम 32 में जगह भी सुनिश्चित कर ली हैं।

मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड को शुरुआती दौर में पनामा की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने संघर्ष करना पड़ा। हालांकि दूसरे हाफ में टीम ने अपना खेल बदला और 62वें मिनट में जूड बेलिंघम ने शानदार गोल कर इंग्लैंड को बढ़त दिलाई। इसके केवल पांच मिनट बाद बेलिंघम ने ही हैरी केन के लिए बेहतरीन पास तैयार किया, जिस पर केन ने कोई गलती नहीं की और गेंद को गोल में पहुंचाकर टीम की जीत लगभग तय कर दी है।

बता दें कि यह हैरी केन का विश्व कप में 11वां गोल था। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व महान स्ट्राइकर गैरी लिनेकर के 10 विश्व कप गोलों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। गौरतलब है कि मौजूदा विश्व कप में केन का यह तीसरा गोल भी रहा, जिससे वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूती से बने हुए हैं।

मैच के बाद हैरी केन ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि विश्व कप किसी भी पेशेवर खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ा मंच होता है और यहां ऐसा रिकॉर्ड बनाना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वह इस पल का आनंद लेना चाहते हैं, लेकिन उनका लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है और वह इस विश्व कप में टीम के लिए आगे भी योगदान देना चाहते हैं।

मौजूद जानकारी के अनुसार हैरी केन अब इंग्लैंड के लिए सभी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में कुल 18 गोल कर चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के लिए 116 मुकाबलों में 82 गोल भी दर्ज हैं। वर्ष 2018 के विश्व कप में उन्होंने छह गोल कर गोल्डन बूट जीता था और अब वह दोबारा यह उपलब्धि हासिल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस टुखेल ने भी केन की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि केन शारीरिक और मानसिक रूप से शानदार स्थिति में हैं तथा अभी भी उनके अंदर और बेहतर करने की भूख दिखाई देती है। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

गौरतलब है कि गोल्डन बूट की दौड़ में इस समय अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी पांच गोल के साथ आगे चल रहे हैं। वहीं हैरी केन के खाते में तीन गोल हैं। किलियन एम्बाप्पे, एरलिंग हालांड, उस्मान डेम्बेले और विनीसियस जूनियर भी शीर्ष गोल करने वालों में शामिल हैं। ऐसे में नॉकआउट चरण के मुकाबलों में यह दौड़ और रोमांचक होने की उम्मीद है।

इंग्लैंड अब अंतिम 32 के मुकाबले में लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो से भिड़ेगा। टीम की नजर केवल अगले दौर में पहुंचने पर ही नहीं, बल्कि विश्व कप खिताब जीतने पर भी टिकी हुई है। वहीं हैरी केन अपने शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए नए रिकॉर्ड बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहे हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़