BCCI ने महिला टीम के फील्डिंग कोच और पुरुष टीम के मुख्य फिजियो के लिए मांगे आवेदन

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने महिला टीम के फील्डिंग कोच और पुरुष टीम के मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट पद के लिए योग्य उम्मीदवारों से 16 नवंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। पुरुष टीम में कमलेश जैन के इस्तीफे के बाद 10 साल के अनुभव वाले नए मुख्य फिजियो की तलाश की जा रही है। महिला टीम के लिए चुने जाने वाले फील्डिंग कोच की मुख्य जिम्मेदारी खिलाड़ियों के कैचिंग और समग्र कौशल को बेहतर बनाना होगी।
नयी दिल्ली, तीन नवंबर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को महिला क्रिकेट टीम के क्षेत्ररक्षण कोच और पुरुष टीम के मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए। बोर्ड की ओर से जारी मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार इन पदों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 16 नवंबर है। मुनीष बाली ने हाल में महिला टीम के क्षेत्ररक्षण कोच की जिम्मेदारी संभाली थी।
उनका पिछला कार्यकाल जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज के दौरान था। महिला टीम का क्षेत्ररक्षण, विशेषकर कैच छोड़ने की समस्या लंबे समय से चिंता का विषय रही है। बीसीसीआई ने क्षेत्ररक्षण कोच की प्रमुख जिम्मेदारियों में ‘विश्वस्तरीय क्षेत्ररक्षण इकाई तैयार करने के लिए व्यापक कार्यक्रम विकसित करना और उन्हें लागू करना’ शामिल किया है।
इसके अलावा, अभ्यास सत्रों और मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण का अभ्यास कराना तथा खिलाड़ियों के कौशल में सुधार के लिए व्यक्तिगत कोचिंग देना भी उनकी जिम्मेदारी होगी। उम्मीदवार को अलग-अलग मैच परिस्थितियों में प्रत्येक खिलाड़ी के क्षेत्ररक्षण प्रदर्शन और योगदान का आकलन भी करना होगा। वहीं बोर्ड पुरुष टीम के मुख्य फिजियो कमलेश जैन के स्थान पर नए उम्मीदवार की तलाश कर रहा है।
जैन ने सितंबर में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। बीसीसीआई ने इस पद के लिए उम्मीदवार के पास फिजियो सेवाएं प्रदान करने का कम से कम 10 साल का अनुभव होना अनिवार्य किया है। इसके अलावा, उम्मीदवार को शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों या टीम के साथ काम करने का अनुभव होना चाहिए।
उच्च प्रदर्शन वाली टीम के साथ काम करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अन्य न्यूज़













