MP Rajya Sabha By-Election: दो पर्चे रद्द होने से Union Minister Hardeep Singh Puri निर्विरोध चुने जाएंगे

MP Rajya Sabha By-Election: दो पर्चे रद्द होने से Union Minister Hardeep Singh Puri निर्विरोध चुने जाएंगे
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पत्र मंगलवार को जांच के दौरान खारिज कर दिए गए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी और एक अन्य निर्दलीय ने पुरी के हलफनामे पर आपत्ति जताई थी जिसे निर्वाचन अधिकारी ने खारिज कर दिया।

भोपाल, दो नवंबर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सहित दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र मंगलवार को खारिज होने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। एक अधिकारी ने बताया कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख पांच नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के अंतिम दिन निर्दलीय उम्मीदवार कांते सयन्ना और कांग्रेस समर्थित राजकुमार लोहानी के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए।

इस बीच, दोनों निर्दलीय उम्मीदवारों और कांग्रेस नेता हेमंत कटारे ने पुरी के नामांकन पत्रों पर आपत्ति जताते हुए दावा किया कि उनके द्वारा दाखिल किया गया फॉर्म-26 में दिया गया हलफनामा अमान्य और अधूरा है। निर्वाचन अधिकारी उमेश शर्मा ने आपत्तियों की जांच की और कहा कि पुरी ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन नहीं किया है। शर्मा ने अपने आदेश में कहा कि पुरी के नामांकन पत्रों में कोई खामी नहीं पाई गई।

कटारे और कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने कहा कि वे इस आदेश के खिलाफ अदालत का रुख करेंगे। उन्होंने एक बयान में कहा, यह भारतीय लोकतंत्र पर हमला है। इतनी महत्वपूर्ण खामियों के बावजूद नामांकन पत्र खारिज नहीं किया गया।

राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़