Asian Champions Trophy: दक्षिण कोरिया से सेमीफाइनल भिड़ंत, Abhishek की फिटनेस बनी भारत की चिंता

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मोहाली में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भारतीय हॉकी टीम बुधवार को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी। राउंड-रॉबिन मैचों में अजेय रहने के बावजूद स्ट्राइकर अभिषेक के टखने की चोट टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह को उम्मीद है कि वह मुकाबले तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

(सौमोज्योति एस चौधरी) मोहाली, तीन नवंबर अभी तक बेहतरीन प्रदर्शन करके अजेय रही पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम शानदार फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर अभिषेक की चोट के बावजूद दक्षिण कोरिया के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। एशियाई खेलों के चैंपियन भारत ने सोमवार को जालंधर में खेले गए छह टीमों के टूर्नामेंट के अपने आखिरी राउंड-रॉबिन मैच में दक्षिण कोरिया को 8-0 से करारी शिकस्त दी थी और वह इसे दोहराने के लिए प्रतिबद्ध होगा। भारत ने राउंड-रॉबिन चरण में बांग्लादेश को 13-0, चीन को 5-2, जापान को 4-1 और दक्षिण कोरिया को 8-0 से हराया था।

लेकिन जापान के खिलाफ मैच से ठीक पहले अभिषेक के टखने में चोट लग गई जिससे भारतीय टीम प्रबंधन चिंतित होगा क्योंकि उन्होंने न केवल गोल किए हैं बल्कि अच्छे मौके भी बनाए हैं। भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने भी स्वीकार किया कि अभिषेक ने अभी तक शानदार भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें अभी पक्का पता नहीं है कि अभिषेक खेल पाएंगे या नहीं।

वह चोटिल हैं और वह वापसी करेंगे या नहीं इसके लिए हमें इंतजार करना होगा लेकिन समय बहुत कम है।’’ अभिषेक की अनुपस्थिति में अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा को अग्रिम पंक्ति में अधिक जिम्मेदारी निभानी होगी। मनदीप सिंह ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में हैट्रिक लगाकर शानदार शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद वह अपनी इस लय को बरकरार नहीं रख पाए।यदि अभिषेक नहीं खेल पाते हैं, तो आदित्य अर्जुन लालागे और अंगद बीर सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी जिम्मेदारी संभालनी होगी। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह को हालांकि उम्मीद है कि अभिषेक इस मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘वह अच्छी स्थिति में है। हमने उसे दो मैचों के लिए आराम दिया था। मुझे उम्मीद है कि वह सेमीफाइनल में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट होगा।’’ उपकप्तान हार्दिक सिंह ने विवेक सागर प्रसाद और नीलकांत शर्मा के साथ मिलकर मध्य पंक्ति में अच्छी भूमिका निभाई है।

नीलकांत का यह भारत की तरफ से अंतिम टूर्नामेंट है। हरमनप्रीत भी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अभी तक नौ गोल किए हैं।

इनमें से उन्होंने आठ गोल पेनल्टी कॉर्नर से और एक पेनल्टी स्ट्रोक से किया है। हरमनप्रीत ने जुगराज सिंह और अमित रोहिदास के साथ मिलकर भारतीय रक्षापंक्ति में भी अच्छी भूमिका निभाई है। युवा फॉरवर्ड विष्णुकांत सिंह को भी टूर्नामेंट में जितने मौके मिले हैं उनमें वह खरे उतरे हैं।

वह जरूरत पड़ने पर टीम के लिए मध्य पंक्ति में खेलने के लिए तैयार हैं। विष्णुकांत ने कहा, ‘‘मैं लंबे समय से मौके का इंतजार कर रहा था। मैंने इसके लिए कड़ी मेहनत की और जापान के खिलाफ गोल करने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है।

मैं मध्य पंक्ति में खेलने के लिए भी तैयार हूं।’’ भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा और कृष्ण बहादुर पाठक को टूर्नामेंट में अभी तक खास चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा है और यह देखना दिलचस्प होगा कि अगर विरोधी टीम आक्रामक रवैया अपनाती है तो वह उससे कैसे निपटते हैं। पहला सेमीफाइनल जापान और एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता मलेशिया के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम: गोलकीपर: सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक।

डिफेंडर: संजय, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, अमनदीप लाकड़ा। मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, अंगद बीर सिंह। फॉरवर्ड: शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, विष्णुकांत सिंह।

मैच का समय: पहला सेमीफ़ाइनल: जापान बनाम मलेशिया, शाम 4:30 बजे दूसरा सेमीफाइनल: भारत बनाम दक्षिण कोरिया, शाम 7:00 बजे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़