Indira Gandhi Death Anniversary: भारत की आयरन लेडी कही जाती हैं देश की पूर्व PM इंदिरा गांधी, जानिए रोचक बातें

आज ही के दिन यानी की 31 अक्टूबर को देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इंदिरा गांधी को 'आयरन लेडी' भी कहा जाता है। इंदिरा गांधी का जीवन निर्णय, संघर्ष और दूरदर्शिता का अद्भुत संगम था।
आज ही के दिन यानी की 31 अक्टूबर को देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इंदिरा गांधी को 'आयरन लेडी' भी कहा जाता है। इंदिरा गांधी सिर्फ एक नेता नहीं बल्कि भारत की राजनीतिक दृढ़ता, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक भी थीं। इंदिरा गांधी का जीवन निर्णय, संघर्ष और दूरदर्शिता का अद्भुत संगम था। उन्होंने अपने कार्यों से भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान देने का काम किया था। तो आइए जानते हैं उनकी डेथ एनिवर्सरी के मौके पर इंदिरा गांधी के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में...
जन्म और परिवार
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में 19 नवंबर 1917 को इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था। वह देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की बेटी थीं। उनकी मां का नाम कमला नेहरू था। इंदिरा का जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ था। जिसका भारत की आजादी की लड़ाई से काफी गहरा रिश्ता था। उनके घर में देश, समाज, राजनीति और आजादी की बातें होती थीं। ऐसे में इंदिरा का बचपन आम बच्चों से काफी अलग रहा।
इसे भी पढ़ें: Homi Jehangir Bhabha Birth Anniversary: होमी जे भाभा को कहा जाता है 'भारत का आइंस्टीन', परमाणु कार्यक्रम की रखी थी नींव
इंदिरा की शुरूआती पढ़ाई सिर्फ स्कूल तक सीमित नहीं रही। बल्कि पिता की राजनीतिक गतिविधियों और परिवार की परिस्थितियों की वजह से उनकी शिक्षा अलग-अलग जगहों पर हुई। इंदिरा ने भारत के अलावा विदेश में भी पढ़ाई की। उनको स्विट्जरलैंड में पढ़ाई के दौरान यूरोप के शैक्षणिक माहौल को करीब से देखने और जानने का मौका मिला। फिर उन्होंने इंग्लैंड से भी पढ़ाई की।
स्वतंत्रता से जुड़ी इंदिरा गांधी
इंदिरा गांधी का परिवार देश की आजादी की लड़ाई में सक्रिय था। इसलिए बचपन से ही इंदिरा भी देश की आजादी से जुड़ी गतिविधियों से परिचित थीं। पंडित नेहरू और कमला नेहरू के राजनीतिक कामकाज का असर इंदिरा गांधी के जीवन पर भी पड़ा। आगे जाकर वह भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हुई।
सियासी सफर
देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के निधन के बाद इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 को देश की प्रधानमंत्री बनी थीं। वह देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। इंदिरा गांधी ने साल 1966 से लेकर साल 1977 तक लगातार देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम किया।
हालांकि साल 1977 के चुनाव में इंदिरा गांधी की पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन फिर साल 1980 में इंदिरा गांधी दोबारा सत्ता में लौटीं। उनका दूसरा कार्यकाल 14 जनवरी 1980 से लेकर 31 अक्टूबर 1984 तक रहा। इस तरह से इंदिरा गांधी ने दो अलग-अलग अवधियों में देश का नेतृत्व किया था।
प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान इंदिरा गांधी ने समाज के निचले तबके के उत्थान के लिए कई नीतियां बनाईं। उन्होंने गरीबी हटाओ अभियान चलाकर जनता में उम्मीद जगाई। इसके अलावा उनके नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान को हराया और बांग्लादेश का जन्म हुआ था। इस कारण इंदिरा गांधी को 'भारत की आयरन लेडी' कहा जाता था। वहीं साल 1974 में इंदिरा गांधी ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न देशों की श्रेणी में खड़ा किया।
मृत्यु
इंदिरा गांधी 31 अक्टूबर की सुबह अपने सरकारी आवास 1 सफदरजंग रोड, नई दिल्ली से पास के कार्यालय 1 अकबर रोड की तरफ जा रही थीं। तभी जब वह अपने आवास परिसर के रास्ते से गुजर रही थीं, तो उनके दो सुरक्षा कर्मियों ने उनकी गोली मारकर हत्याकर दी थी।
अन्य न्यूज़













