कार्यकर्ता पर FIR अभिव्यक्ति की आजादी का हनन, पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता Vinay Sharma का आरोप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हिमाचल प्रदेश के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता विनय शर्मा ने शिमला में आरोप लगाया कि थियोग के सामाजिक कार्यकर्ता सुशील शर्मा पर प्राथमिकी दर्ज करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के दबाव में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की शिकायत पर यह पुलिस कार्रवाई की गई। सुशील शर्मा स्थानीय स्तर पर अस्पताल, पार्किंग और खराब सड़कों के मुद्दे उठाते रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता विनय शर्मा ने सोमवार को आरोप लगाया कि थियोग के एक सामाजिक कार्यकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना, राज्य सरकार द्वारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है। विनय शर्मा ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सुशील शर्मा अक्सर अस्पतालों, पार्किंग और सड़क की तारकोल बिछाने (टारिंग) की खराब गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे उठाते थे। खबरों के अनुसार, सुशील शर्मा को यहां ठियोग में पुलिसकर्मियों के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता ने दावा किया,‘‘हाल में एक पुलिसकर्मी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में सुशील शर्मा के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्होंने उस व्यक्ति की तस्वीर अपलोड की और उनके खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों का भी उल्लेख किया। इसके बाद, मुख्यमंत्री के दबाव में, एक कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि यह राज्य सरकार द्वारा अभिव्यक्ति और विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता के मौलिक अधिकार का उल्लंघन है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़