उत्तराखंड में Congress ने बनाए जिला प्रभारी, BJP 26 नवंबर से शुरू करेगी मिशन-2027

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने सांगठनिक फेरबदल करते हुए नए जिला प्रभारियों की सूची जारी की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी 26 नवंबर को चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ पांच साल के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी। पार्टी कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों का ब्योरा लेकर जनता के बीच जाएंगे।
उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने सोमवार को जहां नए जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों की नियुक्ति की तथा भाजपा राज्य सरकार के पांच साल के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए 26 नवंबर से मिशन-2027 शुरू करने की योजना बना रही है। प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की एक सूची जारी की। प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि ये नियुक्तियां आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और अभियानों को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए की गई हैं।
उन्होंने उम्मीद जतायी की कि सभी पदाधिकारी आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनावी अभियान को घर-घर तक ले जायेंगे। उधर, भाजपा की प्रदेश महासचिव दीप्ति रावत भारद्वाज ने बताया कि पार्टी सरकार की पिछले पांच वर्षों की उपलब्धियों पर एक रिपोर्ट कार्ड जारी करेगी जिसे 26 नवंबर को पार्टी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस रिपोर्ट कार्ड में प्रमुख विकास कार्यों, जन कल्याणकारी योजनाओं, अहम फैसलों, रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विस्तार, पर्यटन विकास, महिला सशक्तीकरण और अन्य उपलब्धियों का विवरण होगा।
भारद्वाज ने कहा कि चुनाव केवल एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही दिखाने और विकास कार्यों का हिसाब देने का एक अवसर भी है। उन्होंने कहा, ‘‘इस रिपोर्ट कार्ड के जरिए सरकार के कार्यकाल का पूरा ब्योरा जनता के सामने रखा जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके।’’ पार्टी की संगठनात्मक कार्यप्रणाली में कार्यकर्ताओं की भूमिका को हमेशा से महत्वपूर्ण बताते हुए प्रदेश महासचिव ने कहा, ‘‘वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेशभर के कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों, जन कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएंगे।’’ भारद्वाज ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करना पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों, लागू की गई विकास योजनाओं और प्रदेश के व्यापक हित में लिए गए फैसलों को लेकर जनता के पास जाएगी।
अन्य न्यूज़














