UP Voter List: विशेष अभियान में 5.59 लाख से अधिक नए पंजीकरण आवेदन मिले

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची संशोधन के लिए चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में कुल 5,59,178 आवेदन जमा हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर बीएलओ ने छूटे हुए पात्र लोगों के फॉर्म प्राप्त किए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बचे हुए काम और निस्तारण समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आयोजित दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान कुल 5,59,178 आवेदन प्राप्त हुए। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रिणवा ने बताया कि प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) पूर्वाह्न 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहे और इस दौरान नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और दर्ज विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारी ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए हाथरस, गाजीपुर, संभल, कौशांबी, मथुरा, अमेठी और बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। वहीं, उन्होंने गाजियाबाद, बुलंदशहर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, अमरोहा, मेरठ और गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों को इस दिशा में और प्रयास करने के निर्देश दिए।
रिणवा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से आगामी अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाम दर्ज नहीं होने पर फॉर्म-छह और विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-आठ भरा जा सकता है।
पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए मतदाता सेवा पोर्टल और ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का भी उपयोग किया जा सकता है।
अन्य न्यूज़













