Ayodhya में हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन कर संतों से मिले CM Yogi, भेंट किए उपहार

cm yogi
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न अखाड़ों और मठों का दौरा कर महंत नृत्य गोपाल दास सहित प्रमुख संतों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली के उपहार भेंट किए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या के हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अयोध्या में 10वें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के एक दिन बाद रविवार सुबह गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भगवान हनुमान के सामने शीश नवाया और प्रदेशवासियों की खुशी, समृद्धि एवं कल्याण के लिए प्रार्थना की। योगी शनिवार से ही अयोध्या प्रवास पर हैं।

 अधिकारियों के मुताबिक, हनुमानगढ़ी पहुंचने पर संतों और पुजारियों ने जय श्री राम के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने रामलला की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। उन्होंने मंदिर की परिक्रमा भी की और राम दरबार में पूजा कर प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति एवं कल्याण की कामना की। मंदिर से बाहर आने पर श्रद्धालुओं ने जय श्री राम के नारे लगाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। 

आदित्यनाथ ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। अयोध्या प्रवास के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। बाद में मुख्यमंत्री ने अयोध्या के विभिन्न अखाड़ों और मठों में पहुंचकर संतों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और दीपावली के उपलक्ष्य में उपहार भेंट किए। 

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, योगी सबसे पहले दिगंबर अखाड़े पहुंचे, जहां उन्होंने महंत सुरेश दास से मुलाकात की। इस दौरान संत राम लखन दास भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों संतों से प्रदेश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उन्हें दीपावली के उपहार भेंट किए। 

इसके बाद मुख्यमंत्री बड़ा भक्त महल पहुंचे, जहां उन्होंने महंत कौशल किशोर दास जी महाराज से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दीपावली के उपहार भेंट किए। योगी राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मिलने मणिराम दास छावनी भी पहुंचे। उन्होंने महंत के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए उन्हें दीपावली का उपहार भेंट किया। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़