सुंदर नगरी Firing Case में दो आरोपी गिरफ्तार, Delhi Police ने बरामद की पिस्टल

उत्तर पूर्वी दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में पुरानी रंजिश के चलते चिकन की दुकान पर गोलीबारी करने के मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस बरामद किया है। जांच में सामने आया कि वीडियो गेम खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद यह हमला किया गया था।
दिल्ली के सुंदर नगरी इलाके में मामूली कहासुनी का बदला लेने के लिए चिकन की दुकान पर गोलीबारी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवाल ने बताया कि आरोपियों के पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल, एक कारतूस और वारदात के समय उनके द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
उनके अनुसार, घटना 22 नवंबर को रात करीब 10 बजकर 15 मिनट पर सुंदर नगरी में हुई। गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। डीसीपी ने बताया कि तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी दानिश उर्फ जुनैद (32) और मोहम्मद फैजान उर्फ सूचा (22) को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता मोहम्मद मोहसिन (26) कबाड़ का कारोबार करता है और वह अपने साले साहिल के साथ चाय पीकर घर लौट रहा था, तभी उसने दो लोगों को पिस्तौल लेकर अपनी ओर आते देखा। अधिकारी ने बताया कि अपनी सुरक्षा के लिए मोहसिन पास की चिकन की दुकान में घुस गया और इसी दौरान हमलावरों में से एक ने कथित तौर पर उस पर गोली चला दी। गोली उसे नहीं लगी और दुकान में रखे नीले रंग के प्लास्टिक के पानी के ड्रम में जा लगी।
पुलिस ने बताया कि बाद में ड्रम से गोली का एक हिस्सा बरामद किया गया, जबकि घटनास्थल से एक खोखा मिला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से एक दिन पहले मोहसिन के छोटे भाई हुसैन और आरोपियों में से एक के भतीजे अनस के बीच वीडियो गेम खेलने को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इस विवाद के कारण रंजिश पैदा हो गई, जिसके बाद दानिश ने मोहसिन से बदला लेने और उसे डराने के लिए गोलीबारी की साजिश रची।
अन्य न्यूज़














