BJP का अभियान SIR की गड़बड़ियों से ध्यान भटकाने की साजिश, बोलीं Kota Neelima

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा का नया अभियान मतदाता सूची पुनरीक्षण की अनियमितताओं को छिपाने के लिए है। उन्होंने कहा कि वास्तविक सवालों का जवाब देने के बजाय सवाल उठाने वाले नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। नीलिमा के अनुसार मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाना सीधे तौर पर मतदान के अधिकार पर हमला है।

नयी दिल्ली, तीन नवंबर तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष कोटा नीलिमा ने मंगलवार को कहा कि भाजपा का नया अभियान मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गंभीर अनियमितताओं से ध्यान भटकाने और इस प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले नागरिकों को राष्ट्रविरोधी बताने की कोशिश है। नीलिमा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सोमवार को हैदराबाद में शुरू किए गए लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा एसआईआर से जुड़ी वास्तविक चिंताओं का जवाब देने के बजाय सवाल उठाने वाले नागरिकों को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों, राजनीतिक दलों और नेताओं को डराने का प्रयास कर रही है।

नीलिमा ने दावा किया कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में लाखों लोगों की भागीदारी से भाजपा चिंतित है। उन्होंने कहा कि 20 से अधिक विपक्षी दलों ने रैली में हिस्सा लेकर कथित वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक नाम हटाना लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार पर सीधा हमला है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़