तमिलनाडु के 30 ITI में शुरू हुईं आधुनिक इलेक्ट्रिकल लैब्स, CM Vijay ने किया उद्घाटन

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 5.10 करोड़ रुपये की लागत से नई सुविधाएं तैयार की गई हैं। यह परियोजना श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया के सहयोग से पूरी हुई है, जिससे हर साल 9,250 छात्रों को आधुनिक कौशल का प्रशिक्षण मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया और चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्य के 30 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में स्थापित उन्नत इलेक्ट्रिक प्रयोगशालाओं का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन प्रयोगशालाओं की स्थापना श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया के सहयोग से 5.10 करोड़ रुपये की लागत से की गई है।

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिंडी स्थित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया और इस पहल से 23 जिलों में हर साल 9,250 प्रशिक्षुओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। श्नाइडर इलेक्ट्रिक इंडिया और रोजगार एवं प्रशिक्षण निदेशालय ने 6.80 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 40 और आईटीआई में इलेक्ट्रिकल प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। विजय ने इलेक्ट्रीशियन और वायरमैन ट्रेड में दाखिला लेने वाले छात्रों को प्रशिक्षण किट वितरित कीं।

मुख्यमंत्री ने शैक्षणिक और तकनीकी उत्कृष्टता को मान्यता देते हुए 59वीं राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 2026 के 15 विजेताओं को 25-25 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने अखिल भारतीय ट्रेड टेस्ट में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करने वाले 60 छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु से राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने वाले छात्रों की संख्या पिछले साल के 40 से बढ़कर इस साल 60 हो गई है, जिससे राष्ट्रीय रैंकिंग में राज्य चौथे स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

इसके अलावा, विजय ने तमिलनाडु लोक सेवा आयोग (टीएनपीएससी) के माध्यम से कनिष्ठ प्रशिक्षण अधिकारी के पदों के लिए चयनित 673 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने छात्रों की कौशल परियोजनाओं का निरीक्षण किया और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने गिंडी स्थित आईटीआई में फिटर ट्रेड का प्रशिक्षण ले रहे मूकधिर छात्रों से बातचीत की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़