Narendra Modi देश के सर्वोच्च सम्मान Bharat Ratna के हकदार, सांसद Vikramjit Singh Sahney ने की वकालत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नयी दिल्ली में आयोजित एक कला प्रदर्शनी के दौरान भाजपा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत रत्न देने की बात कही। गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में साहनी ने मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और देश के प्रति निस्वार्थ सेवा की सराहना की। इस अवसर पर 'मन की बात' विषय पर आधारित 76 चित्रों का प्रदर्शन किया गया।

भाजपा के राज्यसभा सदस्य विक्रमजीत सिंह साहनी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के प्रति उनके समर्पण और निस्वार्थ सेवा के लिए ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह टिप्पणी की। शाह ने ‘मन की बात’ विषय पर आधारित 76 चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जो शासन प्रमुख के तौर पर मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा को दर्शाती है।

साहनी ने कहा, ‘‘भारत के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा को ध्यान में रखते हुए मेरा मानना है कि नरेन्द्र मोदी जी देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ के हकदार हैं।’’ साहनी आम आदमी पार्टी (आप) के उन सात राज्यसभा सदस्यों में शामिल थे, जिन्होंने अप्रैल में पाला बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया था। आयोजकों ने बताया कि ‘वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गनाइजेशन’ की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में मनजीत सिंह के बनाए 76 चित्र प्रदर्शित किए गए हैं, जिनमें शासन प्रमुख के रूप में मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा को दर्शाया गया है। कार्यक्रम में शाह ने कलाकार मनजीत सिंह को सम्मानित किया।

शाह और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने चित्र दीर्घा का अवलोकन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री की सार्वजनिक सेवा पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़