Saharanpur में आवारा कुत्तों ने 12 वर्षीय बच्चे को नोंचकर मार डाला, एक अन्य घायल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आवारा कुत्तों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में एक बच्चे की जान चली गई, जबकि दूसरा बच्चा बुरी तरह जख्मी हो गया। बेहट क्षेत्र में मंदिर के पास मन्नू नाम के लड़के को कुत्तों ने बुरी तरह काट लिया, जिससे अस्पताल में उसकी मौत हो गई। वहीं चिलकाना इलाके में घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम पर भी कुत्तों के झुंड ने हमला किया।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में आवारा कुत्तों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना बुधवार को बेहट क्षेत्र में हुई, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने मन्नू नामक 12 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह नोंच डाला जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

बेहट थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि मन्नू अपनी मां राजवती के साथ मंदिर गया था। जब उसकी मां पूजा की तैयारी में व्यस्त थीं, तभी वह कुछ दूर चला गया। इसी दौरान चार आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि कुत्तों ने मन्नू के चेहरे और गर्दन पर बुरी तरह काट लिया। बच्चे की मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर बच्चे को उनके चंगुल से बचाया। इसके बाद उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्चे के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। वहीं, मंगलवार शाम आवारा कुत्तों के हमले की एक अन्य घटना में चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, चिलकाना थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर कस्बे के कोठीवाला इलाके में चार वर्षीय शादान अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

चिलकाना थाने के प्रभारी निरीक्षक अक्षय शर्मा ने बताया कि हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। आवारा कुत्तों के हमले की लगातार हुई इन दोनों घटनाओं से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रिहायशी इलाकों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के झुंड बच्चों और अन्य लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़