US Dollar की मजबूती से गिरा Rupee, 11 पैसे टूटकर 95.73 पर बंद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

विदेशी मुद्रा बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और कच्चे तेल के भाव में सुधार के चलते बुधवार को भारतीय मुद्रा में गिरावट दर्ज की गई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में यह 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों की तेजी ने गिरावट को सीमित रखने में मदद की।

अमेरिकी मुद्रा में व्यापक मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में मामूली सुधार के बीच रुपया बुधवार को 11 पैसे टूटकर 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त रुख से डॉलर मजबूत हुआ है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से वर्ष 2026 में ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार बढ़ गए हैं।

हालांकि, घरेलू बाजारों में सकारात्मक रुख ने रुपये को निचले स्तर पर समर्थन दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.58 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.57 के स्तर तक पहुंच गया।

हालांकि, बाद में रुपया 95.76 के निचले स्तर तक आ गया और कारोबार के अंत में यह 95.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को 16 पैसे मजबूत होकर 95.62 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “हमें उम्मीद है कि रुपया सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा क्योंकि संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत के दौरान कूटनीतिक समाधान की उम्मीद से वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार हो सकता है।

कच्चे तेल की कीमतों में समग्र कमजोरी भी रुपये को समर्थन दे सकती है।” उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 95.50 से 95.95 के दायरे में रहने के आसार हैं। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.27 प्रतिशत बढ़कर 100.87 पर कारोबार कर रहा था। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.26 प्रतिशत बढ़कर 99.51 डॉलर प्रति बैरल पर था।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 299.17 अंक चढ़कर 74,828.25 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 117.80 अंक की बढ़त के साथ 23,446.80 अंक पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,617.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़