सोनभद्र में सत्य सनातन Trust से जुड़ी साइबर ठगी में 8 गिरफ्तार, 11.63 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में फर्जी ट्रस्ट के बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन और सदस्यों को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में अब तक आठ गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और खातों से करीब 11.63 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में सत्य सनातन ट्रस्ट नाम से खोले गए बैंक खातों से जुड़े साइबर धोखाधड़ी मामले में भोपाल से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ट्रस्ट के बैंक खातों की जांच में साइबर धोखाधड़ी की 35 शिकायतें सामने आई हैं, जिनमें लगभग 11.63 करोड़ रुपये का संदिग्ध लेनदेन शामिल है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को रविवार शाम भोपाल में गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद बुधवार को सोनभद्र लाया गया। उन्हें अदालत में पेश किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुनवाल ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाते खोले और संगठन के कई लोगों को सदस्य के रूप में नामांकित किया।
रुनवाल ने बताया कि ट्रस्ट चलाने वाले ऋषिकेश पांडे ने ट्रस्ट के नाम से एक खाता खोला था और मध्यप्रदेश में कई लोगों को खाते का नंबर तथा एटीएम कार्ड उपलब्ध कराया था। उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी के जरिए हासिल की गई रकम को कथित तौर पर ट्रस्ट के खातों के जरिए इधर-उधर किया गया। रुनवाल ने बताया कि जांच के मुताबिक, धोखाधड़ी से मिली रकम का 20 प्रतिशत हिस्सा कथित तौर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष पांडे को कमीशन के रूप में दिया गया, जबकि बाकी रकम अन्य लोगों के बीच बांट दी गई।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने सोनभद्र में अन्य संस्थाओं के नाम से भी बैंक खाते खोले, जिनमें ‘धर्मोदय फाउंडेशन’, ‘बालसा कंस्ट्रक्शन एंड ट्रेडिंग एलएलपी’ और ‘भूमिमित्रम इंडिया माइक्रो फाउंडेशन ट्रस्ट’ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनमें और कुछ अन्य खातों में भी संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दुद्धी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, रविवार को भोपाल में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान भोपाल निवासी जय कुमार पांडे (35), और मध्यप्रदेश के सिंगरौली निवासी राजेश पोद्दार (46) तथा बब्बू प्रजापति (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले रविवार को दुद्धी में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें कथित मास्टरमाइंड ऋषिकेश पांडे भी शामिल था। वहीं, सोमवार को म्योरपुर से दो अन्य लोगों को पकड़ा गया।
अधिकारी ने बताया कि भोपाल में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद की गई है।
अन्य न्यूज़













