केरल पुलिस स्टेशन में YouTuber की पिटाई मामले में Ramesh Chennithala ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

पथनमथिट्टा के अडूर थाने में यूट्यूबर राजन जोसेफ पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित हमले के मामले में पुलिस रिपोर्ट मांगी गई है। राज्य के गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए बराबर है और थाने में आरोपियों को छोड़ने या हमला करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
तिरुवनंतपुरम, तीन नवंबर केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मंगलवार को आश्वासन दिया कि पथनमथिट्टा जिले के एक थाने के अंदर युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा एक यूट्यूबर के साथ कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून के सामने सभी एक समान हैं और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से रिपोर्ट सौंपने को कहा है और यदि आवश्यक हुआ, तो रिपोर्ट की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गृह मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘घटना के समय ही एक मामला दर्ज कर लिया गया था और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच चल रही है। कानून सभी के लिए समान है और किसी को भी इसका उल्लंघन करने का अधिकार नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ कानून का उल्लंघन करना गलत है, चाहे वह कोई भी करे—मैं या आप।
पुलिस कानून के अनुसार काम करती है। किसी भी तरह का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’ चेन्निथला ने इस बात पर चिंता जताई कि थानों से आरोपियों को छोड़े जाने का चलन बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘किसी के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी, चाहे वह कोई भी हो। जो कोई भी अपराध करेगा या थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमला करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’ वह जुलाई में अडूर थाने के अंदर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा यूट्यूबर राजन जोसेफ पर हमला किए जाने के कथित सीसीटीवी फुटेज के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। टेलीविजन चैनलों पर शनिवार को प्रसारित वीडियो में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस अभिरक्षा के दौरान जोसेफ के साथ दुर्व्यवहार करते हुए नजर आ रहे हैं।
इस फुटेज में दिख रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता श्रीना देवी कुंजम्मा थाने में प्रवेश कर रही हैं तथा जोसेफ से सवाल-जवाब कर रही हैं। कुंजम्मा की शिकायत पर जोसेफ को अडूर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। कांग्रेस जिला पंचायत सदस्य कुंजम्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी कि जोसेफ ने सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध मानहानिकारक सामग्री डाली थी।
अन्य न्यूज़













