PM Modi रविवार को Odisha में RBI के 169 करोड़ रुपये के Data Center का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को भुवनेश्वर का दौरा कर भारतीय रिजर्व बैंक के अत्याधुनिक डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान की शुरुआत करेंगे। नवी मुंबई के बाद जटनी में स्थापित यह देश का दूसरा ऐसा केंद्र है। इस परियोजना का उद्देश्य देश के डिजिटल बुनियादी ढांचे और वित्तीय डेटा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को ओडिशा का दौरा करेंगे और भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 169 करोड़ रुपये की लागत से बने डेटा सेंटर तथा साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कार्यक्रम के अनुसार, मोदी भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से शाम लगभग 4:10 बजे यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे।
हवाई अड्डे से प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से खुर्दा हेलीपैड जाएंगे और फिर वहां से सड़क मार्ग से जटनी के ‘इन्फो वैली-2’ स्थित आरबीआई केंद्र पहुंचेंगे, जहां उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुताबिक, वह आरबीआई के डेटा सेंटर में लगभग एक घंटा बिताएंगे और फिर सड़क मार्ग से भुवनेश्वर लौटेंगे। इसके बाद, शाम लगभग 6:30 बजे वह राज्य से रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ओडिशा की विकास यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी का ओडिशा दौरा और आरबीआई के अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन न केवल राज्य के डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि देश के वित्तीय डेटा की सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था के विकास को भी नयी गति देगा।’’ माझी ने कहा कि आरबीआई के डेटा सेंटर की सफलता का आकलन डिजिटल बुनियादी ढांचे, वित्तीय डेटा की सुरक्षा और जनहित पर इसके दीर्घकालिक प्रभाव के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘2024 में राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री का ओडिशा का यह नौवां दौरा होगा।’’ माझी ने बताया कि नवी मुंबई के बाद, जटनी में बना आरबीआई का यह इस तरह का दूसरा डेटा सेंटर होगा।
प्रधानमंत्री इससे पहले चार महीने पूर्व राज्य के दौरे पर आए थे और माझी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अधिकारियों ने कहा कि डेटा सेंटर और प्रशिक्षण संस्थान भारत की वित्तीय प्रणाली के तकनीकी आधार को मजबूत करेंगे। आधिकारिक बयान में कहा गया कि इसी तरह, साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान क्षमता निर्माण को बढ़ावा देगा और साइबर सुरक्षा एवं उद्यम प्रौद्योगिकी से जुड़े प्रशिक्षण, अनुसंधान तथा पूरे क्षेत्र में क्षमता विकास के लिए एक समर्पित संस्थागत मंच उपलब्ध कराएगा।
इस बीच, प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर राज्य पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
अन्य न्यूज़













