CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन लाएगा जन महाभियोग, 30 अक्टूबर को मॉक पार्लियामेंट

विपक्षी गठबंधन ने वोट चोरी के आरोपों पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पद से हटाने की मांग के लिए दिल्ली में मॉक पार्लियामेंट बुलाने का फैसला किया है। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल के अनुसार इसके बाद एक नवंबर को विशाल दिल्ली चलो मार्च निकाला जाएगा। इस प्रदर्शन का समापन रामलीला मैदान में एक बड़ी जनसभा के साथ होगा।
विपक्षी गठबंधन इंडिया 30 अक्टूबर को प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) आयोजित करेगा, जिसमें वोट चोरी के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग लाया जाएगा। कांग्रेस ने इसके लिए गठबंधन के सहयोगियों से संपर्क किया और अपने नेताओं को भेजने का आग्रह किया है। सूत्रों का कहना है कि यह आयोजन दिल्ली के अशोक होटल में हो सकता है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ 30 अक्टूबर को एक ‘पब्लिक इम्पीचमेंट’ (जन महाभियोग) आयोजित करेगा, जिसके तहत मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर जनता का फैसला सामने रखा जाएगा। वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि संविधान को बचाने और ‘वोट चोरों’ को हराने के प्रयास के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘तीस अक्टूबर को होने वाले इस महत्वपूर्ण जन महाभियोग में वोट चोर सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए जनता का फैसला जोरदार तरीके से सामने रखा जाएगा।’’ कांग्रेस नेता ने बताया कि इसके बाद एक नवंबर को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ ‘दिल्ली चलो मार्च’ निकाला जाएगा, जो रामलीला मैदान में एक विशाल सभा के साथ समाप्त होगा।
उन्होंने दावा किया कि इस सभा में कम से कम 10 लाख जागरूक नागरिक हिस्सा लेंगे। वेणुगोपाल के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभी ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों से संपर्क कर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की इस अवधि में बड़ी संख्या में दिल्ली में मौजूदगी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने हाल के महीनों में चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर निर्वाचन आयोग, खासकर ज्ञानेश कुमार, की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये हैं, जबकि आयोग इन आरोपों को खारिज किया है।
अन्य न्यूज़













