Rajasthan में Shekhawati के समग्र विकास और हवेलियों के संरक्षण पर सरकार का जोर: CM Bhajanlal Sharma

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर में शेखावाटी विरासत एवं विकास सम्मेलन को संबोधित करते हुए क्षेत्र में जल संकट दूर करने और सड़क संपर्क सुधारने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने ऐतिहासिक हवेलियों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देकर नए रोजगार सृजित करने की बात कही। इसके साथ ही प्रवासियों और उद्यमियों को जोड़ने के लिए आठ दिसंबर को शेखावाटी हेरिटेज मीट के आयोजन की घोषणा की गई।

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार जल संकट दूर करने, संपर्क बेहतर बनाने, ऐतिहासिक हवेलियों के जीर्णोद्धार और पर्यटन को बढ़ावा देने के जरिए शेखावाटी अंचल का समग्र विकास सुनिश्चित कर रही है। शर्मा, यहां शेखावाटी विरासत एवं विकास सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र की ऐतिहासिक हवेलियां और धार्मिक स्थल अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन के अनुरूप राज्य सरकार क्षेत्र की विरासत को संरक्षित करने के साथ ही उसे पर्यटन से जोड़कर रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में जल और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सड़क संपर्क बेहतर बनाने तथा निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। शर्मा ने उद्यमियों से नई पीढ़ी को व्यवसाय और उद्योगों से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राजस्थानियों की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता की पहचान पूरी दुनिया में है।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित कर उसे उद्यमिता और रोजगार सृजन के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने शेखावाटी फाउंडेशन के पदाधिकारियों, विरासत संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे लोगों और प्रवासी राजस्थानियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शेखावाटी के उद्यमियों और भामाशाहों का देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है।

शर्मा ने कहा कि ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान में भी प्रवासी राजस्थानियों, भामाशाहों और सामाजिक संस्थाओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विरासत को संरक्षित करते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि शेखावाटी की ऐतिहासिक विरासत, हवेलियों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आठ दिसंबर को ‘शेखावाटी हेरिटेज मीट’ आयोजित की जाएगी।

शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य देश-विदेश में बसे शेखावाटी के प्रवासियों को अपनी मातृभूमि की विरासत के संरक्षण, पर्यटन विकास और निवेश के अवसरों से जोड़ना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़