गुजरात: PM Modi ने बनासकांठा में 325 करोड़ रुपये के BBBRC केंद्र की शुरुआत की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुजरात के बनासकांठा जिले में 127 एकड़ क्षेत्र में बने आधुनिक भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर की शुरुआत हो गई है। यह केंद्र उन्नत आईवीएफ और भ्रूण प्रतिरोपण तकनीक के जरिए हर साल 25 हजार उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करेगा। इससे किसानों को कम पशुओं से बेहतर दूध उत्पादन हासिल करने में सहायता मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्देश्य देसी मवेशी नस्लों की गुणवत्ता में सुधार करना और दूध उत्पादन बढ़ाना है। राज्य के दो दिवसीय दौरे के तहत भीलड़ी पहुंचे प्रधानमंत्री ने इस केंद्र का दौरा किया और वहां के अधिकारियों से बातचीत कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 127 एकड़ में फैले इस केंद्र का निर्माण 325 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसकी स्थापना बनास डेयरी ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के तकनीकी मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन के सहयोग से की है। इस दौरान मोदी के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और बनास डेयरी के अध्यक्ष शंकर चौधरी भी मौजूद थे।

चौधरी गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष भी हैं। बयान के मुताबिक, इस केंद्र में देसी मवेशी नस्लों की गुणवत्ता सुधारने और दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) और भ्रूण प्रतिरोपण जैसी आधुनिक प्रजनन तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसका लक्ष्य हर साल 25,000 उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करना है।

केंद्र में कांकरेज, गिर, साहीवाल और थारपारकर जैसी देसी गायों की नस्लों के साथ-साथ मेहसाणा, बन्नी, जाफराबादी और मुर्रा जैसी भैंसों की नस्लों पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पशुओं के रखरखाव की बढ़ती लागत और चारे की घटती उपलब्धता के बीच डेयरी किसानों को कम पशुओं से अधिक दूध उत्पादन करने में मदद करना है। सरकार के अनुसार, यह केंद्र पशुपालकों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला वीर्य, भ्रूण और प्रजनन संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराएगा।

बयान में कहा गया है कि अपनी यात्रा के दौरान मोदी भीलड़ी में बनास डेयरी की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़