CM Pema Khandu बोले- Arunachal Pradesh के सरकारी स्कूलों का ढांचा सुधारेगी सरकार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अरुणाचल प्रदेश में राज्य-स्तरीय स्वर्ण जयंती मेधावी छात्र पुरस्कार समारोह में 30 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के लिए एक कार्य बल गठित किया गया है। इसके साथ ही स्कूलों में बुनियादी ढांचे और विषयवार शिक्षकों की भर्ती पर भी जोर दिया जा रहा है।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका प्रशासन सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता में सुधार के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को लागू करने के लिए एक कार्य बल का गठन किया गया है। खांडू यहां राज्य-स्तरीय स्वर्ण जयंती मेधावी छात्र पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने इस समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए तीसरी से 12वीं कक्षा तक के 30 मेधावियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार विद्यालयों में उचित बुनियादी ढांचे और पर्याप्त शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से विषय आधारित शिक्षकों की पर्याप्त भर्ती पहले ही की जा चुकी है।

खांडू ने हाल के वर्षों में राज्य के सरकारी विद्यालयों में नामांकनों में हुई वृद्धि का भी स्वागत किया। उन्होंने इस घटनाक्रम को ऐसे समय में उत्साहजनक बताया जब देश भर के सरकारी विद्यालयों में घटता नामांकन एक चुनौती बना हुआ है। विभिन्न जिला स्तरों पर लगभग 840 छात्रों को मेधावी छात्र पुरस्कार मिला।

मुख्यमंत्री ने सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए उनसे अनुशासित, केंद्रित और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि युवाओं के समग्र विकास के लिए शारीरिक गतिविधियां आवश्यक हैं। खांडू ने कहा कि राज्य भर के सरकारी विद्यालयों में खेल के मैदान हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार उद्यमिता पर जोर देने के अलावा सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में युवाओं के लिए रोजगार के कई रास्ते तैयार कर रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़