Parliament Budget Session 2026 Live Updates । लोकसभा में गतिरोध बरकरार, Opposition के भारी हंगामे के कारण Question Hour ठप

X
एकता । Feb 10 2026 11:57AM
लोकसभा में विपक्षी दलों का हंगामा मंगलवार को भी जारी रहा, जिसके कारण प्रश्नकाल बाधित हुआ और सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। यह गतिरोध राहुल गांधी को बोलने से रोकने और आठ सांसदों के निलंबन जैसे मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच बने टकराव का परिणाम है।
लोकसभा में मंगलवार को भी विपक्षी हंगामे के कारण प्रश्नकाल बाधित रहा और सदन की कार्यवाही शुरू होने के एक मिनट के भीतर ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। पीठासीन सभापति पी. सी. मोहन द्वारा कार्यवाही शुरू करते ही विपक्ष ने विभिन्न मुद्दों पर शोर-शराबा शुरू कर दिया। इस बीच सपा सांसद इकरा चौधरी ने एक पूरक प्रश्न पूछा, जिसका उत्तर राज्य मंत्री एस. पी. सिंह बघेल दे ही रहे थे कि बढ़ते हंगामे के चलते सदन स्थगित करना पड़ा। दरअसल, राहुल गांधी को पूर्व सेना प्रमुख के संस्मरण पर बोलने से रोकने और आठ विपक्षी सांसदों के निलंबन जैसे मुद्दों पर सदन में पिछले कई दिनों से गतिरोध जारी है।
We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:
Feb 10, 2026 19:06 | सत्ता पक्ष ने बजट को विकासोन्मुखी बतायाराज्यसभा में मंगलवार को सत्ता पक्ष ने जहां बजट को हर वर्ग के लिए उपयोगी तथा विकासोन्मुखी बताया वहीं विपक्ष ने दावा किया कि सरकार अपनी नाकामियां छिपाते हुए केवल लोकलुभावन तस्वीर दिखाती है लेकिन असलियत इससे कोसों दूर है। उच्च सदन में आम बजट 2026-27 पर चर्चा को आगे बढ़ाते हुए भाजपा की सुमित्रा बाल्मीक ने कहा कि कोई भी वर्ग ऐसा नहीं है जिसका बजट में ध्यान न रखा गया हो। उन्होंने कहा कि हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास खोलने की घोषणा सराहनीय है क्योंकि ऐसी महिलाओं को अक्सर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बाल्मीक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का इससे बेहतर उदाहरण और क्या होगा कि निर्मला सीतारमण ने नौवीं बार बजट पेश किया और यह कहने की जरूरत नहीं है कि वित्त प्रबंधन में महिलाओं का जवाब नहीं होता। |
Feb 10, 2026 19:06 | नोटिस मामले के निपटारे तक आसन पर नहीं बैठेंगे लोकसभा अध्यक्ष: सूत्रलोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष द्वारा उन्हें पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस दिए जाने के बाद मंगलवार को फैसला किया कि वह इस मामले का निपटारा होने तक आसन पर नहीं बैठेंगे। लोकसभा सचिवालय से जुड़े सूत्रों ने बताया, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नैतिकता के उच्च मापदंड के तहत यह फैसला किया है कि विपक्ष के द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के निपटारे तक वह अध्यक्षीय आसन पर नहीं बैठेंगे।’’ |
Feb 10, 2026 16:59 | विपक्ष ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सरकार से सफाई देने को कहाराज्यसभा में मंगलवार को विपक्षी दलों के सदस्यों ने बजट में बेरोजगारी को दूर करने के लिए सरकार द्वारा कोई ठोस उपाय नहीं किए जाने का आरोप लगाया तथा भारत-अमेरिका के बीच हाल में हुए व्यापार समझौते को लेकर अमेरिकी पक्ष द्वारा किए जा रहे विभिन्न दावों पर सरकार से सफाई देने को कहा। उच्च सदन में आम बजट 2026-27 पर चर्चा में भाग लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के सुखेन्दु शेखर राय ने प्राचीन भारत के नास्तिक दार्शनिक चार्वाक की प्रसिद्ध उक्ति ‘यावत् जीवते सुखं जीवेत, ऋणं कृत्वा घृत पीबेत (जब तक जियो सुखो से जियो, कर्ज लेकर घी पियो)’ का हवाला दिया और कहा कि ऐसा प्रतीत होता कि सरकार के कई लोग इसी नीति पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी कर्ज सहित सरकार की कुल उधारी बढ़कर 2.53 लाख करोड़ रूपये हो गयी है, जो उनके ‘अमृतकाल’ का संकेत देता है। उन्होंने कहा कि बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश खोल दिया गया है जिससे राष्ट्रीय बीमा कंपनियों का व्यापार खतरे में पड़ गया है। |
Feb 10, 2026 16:59 | देश में 2021 से 2024 के बीच निजी निवेश 66 प्रतिशत बढ़ा : शिवसेनाराज्यसभा में भाजपा सहित सत्ता पक्ष के दलों ने बजट में की गयी घोषणाओं को देश की अर्थव्यवस्था के लिए उपयोगी एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया जबकि शिवसेना ने कहा कि भारत में 2021 से 2024 के बीच निजी निवेश 66 प्रतिशत बढ़ा है। उच्च सदन में शिवसेना के मुरली देवड़ा ने आम बजट 2026-27 पर चर्चा को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कल पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने इस चर्चा को शुरू करते हुए कहा था कि देश में निजी निवेश नहीं बढ़ रहा है और इसे बढ़ाये जाने की आवश्यकता है। देवड़ा ने कहा कि वह यह याद दिलाना चाहते हैं कि 2024 में निजी निवेश बढ़कर 6.5 लाख करोड़ रूपये हो गया, जो 2021 की तुलना में 66 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने विनिर्माण क्षेत्र की पूरी तरह से अनदेखी की थी और वह इस सरकार को बधाई देना चाहते हैं कि वह विनिर्माण क्षेत्र में आमूलचूल बदलाव लायी है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने उत्पादन आधारित प्रोत्साहन दिया और तथा इस पर 24 हजार करोड़ रूपये व्यय किए। |
Feb 10, 2026 16:59 | पश्चिम बंगाल में भाजपा तीन चुनाव हारी: अभिषेक बनर्जीतृणमूल कांग्रेस महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे पश्चिम बंगाल में लगातार तीन चुनावों में हार का मुंह देखना पड़ा और अब चौथी हार भी करीब है। उन्होंने सदन में केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि इस सरकार में जन्म से लेकर अंतिम संस्कार तक, हर चीज पर कर लगाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर से लोकसभा सदस्य बनर्जी ने कहा कि बजट में पश्चिम बंगाल का नाम भी नहीं लिया गया। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव, 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा, ‘‘भाजपा को तीन चुनावों में निर्णायक हार का सामना करना पड़ा और अब चौथी हार भी करीब है।’’ उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘हम एक ऐसे भारत में रह रहे हैं जहां किसी को बांग्ला बोलने से बांग्लादेशी और मछली खाने से मुगल घोषित किया जाता है।’’ |
Feb 10, 2026 15:37 | एक और असफल बजट: डीएमके सांसद डॉ. कनिमोझीडीएमके सांसद डॉ. कनिमोझी एनवीएन सोमू का कहना है कि यह एक और असफल बजट है। वित्त मंत्री की नौ बार असफल होने की इस लगातार उपलब्धि की सराहना करनी चाहिए। उनका कहना है कि यह बजट गरीब-विरोधी है और देश की आर्थिक वास्तविकताओं से परे है। वे इसे बेबुनियाद और आधारहीन बजट बताते हैं। उनका कहना है कि यह बजट श्रमिकों, किसानों, वेतनभोगी मध्यम वर्ग या बेरोजगारों को कोई राहत नहीं देता, बल्कि बड़े कॉरपोरेट घरानों को प्राथमिकता देता रहता है। |
Feb 10, 2026 15:36 | चतुराई से आगे बढ़ रहा भारत: सारंगीभाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ और ओमान के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर करने के लिए केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा, 'भारत ने बदलती वैश्विक व्यवस्था में चतुराई से आगे बढ़ने की क्षमता दिखाई है।' उन्होंने समुद्री उत्पादों का व्यापार करने वाले भारतीय निर्यातकों पर सीमा शुल्क में छूट, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को दी गई कर छूट और 2014-15 के केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य के लिए आवंटन में 194% की वृद्धि का उल्लेख किया। |
Feb 10, 2026 15:36 | हमारे किसान क्या उगाएंगे? अखिलेश यादवसमाजवादी पार्टी के प्रमुख और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने अफसोस जताया कि केंद्रीय बजट की अवसंरचना परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश का कोई जिक्र नहीं है। उन्होंने कहा, “इस सरकार ने कोई बड़ी परियोजना शुरू नहीं की है। वे मुख्य रूप से पिछली सरकारों द्वारा शुरू की गई परियोजनाओं को ही पूरा कर रहे हैं। आने वाली परियोजनाएं विकसित भारत की झलक नहीं दिखातीं।” |
Feb 10, 2026 15:17 | बिरला ने विपक्ष के नोटिस की जांच का निर्देश दियालोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को महासचिव उत्पल कुमार सिंह को निर्देश दिया कि उन्हें पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी विपक्ष के नोटिस की जांच करें। सूत्रों के अनुसार, बिरला ने महासचिव को निर्देश दिया है कि वह इस नोटिस की जांच कर उचित कार्रवाई करें। विपक्ष ने बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा और बिरला पर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन संचालित करने, कांग्रेस सदस्यों पर झूठे इल्जाम लगाने तथा अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। |
Feb 10, 2026 15:17 | ‘डिजिटल डिटॉक्स’ बेहद जरूरी: भाजपा सदस्य सुमित्रा बाल्मीकयुवाओं और बच्चों के लगातार मोबाइल फोन के इस्तेमाल को देखते हुए ‘डिजिटल डिटॉक्स’ के लिए संकल्प लेने, घायल पशु-पक्षियों के लिए 24 घंटे चलने वाले अस्पताल और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका चलाने वाली महिलाओं के लिए ‘एक समर्पित, सरकारी, ई-कॉमर्स प्लेटफार्म’’ बनाने की राज्यसभा में मंगलवार को मांग की गई। युवाओं और बच्चों के लगातार मोबाइल फोन के इस्तेमाल का मुद्दा शून्यकाल में उठाते हुए भाजपा की सुमित्रा बाल्मीक ने कहा कि इन दिनों युवाओं में और बच्चों में बेचैनी, तनाव और अवसाद जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का सीधा संबंध मोबाइल फोन से है। सुमित्रा ने कहा कि सोशल मीडिया की अंतहीन ‘स्क्रॉलिंग’, ऑनलाइन गेम और ऑनलाइन जुआ और अश्लील सामग्री गंभीर संकट बन गए हैं। |
Feb 10, 2026 15:17 | लोकसभा में बजट पर चर्चा शुरू हुईलोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म होने का संकेत देते हुए सदन में मंगलवार दोपहर केंद्रीय बजट पर चर्चा शुरू हो गई। पिछले कुछ दिन से बजट पर चर्चा विपक्ष की इस मांग की वजह से शुरू नहीं हो पा रही थी कि इससे पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कुछ मुद्दों पर बोलने दिया जाए। दो बार के स्थगन के बाद जब बैठक 2 बजे शुरू हुई तो पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने कांग्रेस सदस्य शशि थरूर का नाम बजट पर चर्चा की शुरुआत के लिए पुकारा। इसके बाद केरल के तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर ने बजट पर अपना भाषण दिया। इससे पहले विपक्ष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा और बिरला पर पक्षपातपूर्ण तरीके से सदन संचालित करने, कांग्रेस सदस्यों पर झूठे इल्जाम लगाने तथा अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। सूत्रों के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महासचिव उत्पल कुमार सिंह को निर्देश दिया कि नोटिस की जांच शुरू की जाए। |
Feb 10, 2026 14:15 | राज्यसभा में ट्रेनों को लेकर उठी ये मांगकोविड काल के दौरान कुछ स्टेशनों पर बंद किया गया ट्रेनों का ठहराव पुन: शुरू करने की मांग करते हुए मंगलवार को राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी की सदस्य गीता उर्फ चंद्रप्रभा ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय लोगों की आजीविका भी चलती थी। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए गीता ने कहा कि जनपद इटावा के भरथना और जनपद औरैया के अठैया, दिदिया और कंचौसी के स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव समाप्त होने के कारण वहां के लोगों की आजीविका पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा ‘‘स्थानीय लोगों में से कुछ ई-रिक्शा चलाते थे और कुछ स्टेशनों पर फुटकर सामान बेचते थे। इससे उनकी आजीविका चलती थी। अब यह सब थम गया है।’’ गीता ने कहा कि उन्होंने पहले भी यह मुद्दा उठाया था, लेकिन कुछ नहीं हुआ। |
Feb 10, 2026 14:14 | मुकुल वासनिक ने सामाजिक न्याय पर वार्षिक रिपोर्ट की मांग कीराज्यसभा में कांग्रेस के सदस्य मुकुल बालकृष्ण वासनिक ने मंगलवार को सरकार से सामाजिक न्याय पर वार्षिक रिपोर्ट लाने और आर्थिक समीक्षा की तरह ही उसे भी संसद में पेश करने की मांग की। सरकार आम बजट से पहले संसद में आर्थिक समीक्षा पेश करती है। उच्च सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए वासनिक ने कहा कि भारत को सामाजिक न्याय की स्थिति पर एक वार्षिक रिपोर्ट को संस्थागत रूप देना चाहिए और उसे आर्थिक सर्वेक्षण या समीक्षा की तरह संसद में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह रिपोर्ट ऐसी होनी चाहिए जो समानता और समावेश के संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए आंकड़ों पर आधारित एक रणनीतिक मार्गदर्शक के रूप में काम करे और संसद के भीतर और बाहर चर्चा के लिए उपलब्ध हो।” |
Feb 10, 2026 14:14 | विपक्ष ने बिरला के खिलाफ नोटिस दियालोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की इजाजत नहीं देने तथा अन्य कुछ मुद्दों की पृष्ठभूमि ने विपक्ष ने अध्यक्ष ओम बिरला को पद से हटाने के लिए प्रस्ताव लाने संबंधी नोटिस मंगलवार को लोकसभा महासचिव को सौंपा। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों ने विपक्ष का नोटिस मिलने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि इस पर विचार किया जाएगा और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। |
Feb 10, 2026 12:54 | कांग्रेस सांसद ने साइबर इकोसिस्टम के नियमन का अनुरोध कियाहरियाणा से कांग्रेस सांसद कार्तिकेय शर्मा ने स्ट्रीमिंग से लेकर गेमिंग तक संपूर्ण साइबर इकोसिस्टम को विनियमित करने और गेम ऑडिटिंग को अनिवार्य बनाने का अनुरोध किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि डिजिटल स्पेस बच्चों के लिए सुरक्षित हैं। |
Feb 10, 2026 12:53 | भाजपा सांसद ने चिकित्सा पर्यटन पर सवाल उठायाभाजपा सांसद सुमित्रा बाल्मी ने आयुष मंत्री से पूछा कि भारत में चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय क्या प्रयास कर रहा है। आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव गणपतराव ने बताया कि मंत्रालय इन प्रयासों को लेकर प्रतिबद्ध है क्योंकि हजारों विदेशी पर्यटक चिकित्सा पर्यटन के लिए भारत आते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मंत्रालय कई स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन करता है जो इन पर्यटकों की जरूरतों को पूरा करने में देश की मदद करते हैं। |
Feb 10, 2026 12:25 | लोकसभा में गतिरोध बरकरार, कार्यवाही दो बजे तक स्थगितलोकसभा में मंगलवार को भी पिछले कुछ दिन की तरह ही विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण गतिरोध जारी है और बैठक एक बार के स्थगन के बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही जब एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे आरंभ हुई तो विपक्षी सदस्य नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की मांग है कि सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने की अनुमति मिले। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच ही पीठासीन सभापति पी सी मोहन ने आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने विपक्षी सदस्यों से अपील की कि वे बजट पर चर्चा करें। रीजीजू ने कहा, ‘‘बजट का समय है, बजट पर चर्चा कीजिए। |
Feb 10, 2026 12:25 | विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांगभारतीय जनता पार्टी की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सदन में चार फरवरी को हुए हंगामे को लेकर विपक्षी सांसदों के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इन महिला सांसदों का कहना है कि चार फरवरी को कुछ विपक्षी सदस्य सत्ता पक्ष की बेंचों की ओर गए, मेज पर चढ़े और प्रधानमंत्री की सीट पर कब्जा कर ‘‘घोर अपराध’’ किया था। भाजपा की महिला सांसदों ने कहा कि लोकसभा परिसर में चार फरवरी को घटनाक्रम ने ‘‘चिंताजनक मोड़’’ ले लिया था और हालात गंभीर व अप्रिय परिणामों की ओर जा सकते थे। उन्होंने कहा कि यह भारत के संसदीय लोकतंत्र के इतिहास के ‘‘सबसे काले क्षणों’’ में से एक बन सकता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार फरवरी को विपक्ष के हंगामे के कारण संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब नहीं दे सके थे। |
अन्य न्यूज़














