Paradip Port बनेगा देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र, CM Mohan Majhi ने गिनाईं योजनाएं

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बोइता बंदाण महोत्सव में कहा कि पारादीप बंदरगाह आने वाले वर्षों में देश का प्रमुख औद्योगिक हब बनेगा। राज्य में ब्लू इकॉनमी को मजबूत करने के लिए ग्रीन हाइड्रोजन और अमोनिया निर्यात हेतु 797 करोड़ रुपये के निवेश से समर्पित बर्थ और भंडारण संयंत्र तैयार किया जाएगा।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि पारादीप बंदरगाह आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक बनकर उभरेगा। शहर में कलिंग बलि जात्रा का उद्घाटन करने के एक दिन बाद बोइता बंदाण महोत्सव को संबोधित करते हुए माझी ने कहा कि पारादीप बंदरगाह ने भारत के समुद्री व्यापार और वाणिज्यिक विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, ‘‘पारादीप बंदरगाह देश के प्रमुख बंदरगाहों में पहले स्थान पर है, जिसने 2025-26 में 15.6 करोड़ टन से अधिक माल का संचालन किया।

प्रति बर्थ प्रतिदिन माल ढुलाई की मात्रा 2014-15 के मुकाबले लगभग दोगुनी हो गई है।’’ उन्होंने बंदरगाह आधारित विकास को गति देने और राज्य की ‘ब्लू इकॉनमी’ (समुद्र आधारित अर्थव्यवस्था) को मजबूत करने के उद्देश्य से कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें गंजाम जिले में बहुदा नदी के मुहाने पर एक बंदरगाह, महानदी के मुहाने पर एक जहाज निर्माण और मरम्मत केंद्र, पारादीप में एक हरित हाइड्रोजन केंद्र और पुरी में मंगला नदी के मुहाने के पास एक क्रूज टर्मिनल शामिल हैं। माझी ने कहा, ‘‘पारादीप में ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन अमोनिया परियोजनाओं को निर्यात बाजारों से जोड़ने के लिए बंदरगाह 797 करोड़ रुपये के निवेश से 40 लाख टन की वार्षिक संचालन क्षमता वाला एक समर्पित बर्थ और 40 एकड़ का भंडारण संयंत्र बनाएगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पारादीप, धामरा और गोपालपुर बंदरगाहों के आधुनिकीकरण से खनिज, इस्पात और एल्युमीनियम के साथ-साथ कृषि उत्पाद, समुद्री भोजन और हस्तशिल्प के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।’’ इस कार्यक्रम में उपस्थित कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री संपद चंद्र स्वैन ने युवाओं को कौशल प्रदान करने के महत्व पर बल देते हुए कहा कि युवा समाज में बदलाव ला सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बोइता बंदाण महोत्सव इस क्षेत्र के समुद्री कौशल और विरासत का उत्सव है, जो राज्य के औद्योगिक विकास में लगातार झलकता है। कार्तिक पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला यह महोत्सव पारादीप बंदरगाह दिवस के रूप में भी मनाया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़