Palamu में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 31 अक्टूबर को तीन आरोपियों को पकड़ा है। पीड़िता घर लौटते समय ई-रिक्शा चालक और दो अन्य लोगों की दरिंदगी का शिकार हुई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेदिनीनगर, एक नवंबर झारखंड के पलामू जिले में 16 साल की एक लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कथित घटना 29 अक्टूबर को उंटारी रोड थाना क्षेत्र में हुई, जब लड़की ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने बताया, ‘‘नाबालिग लड़की को जब पता चला कि उसके पुरुष मित्र की शादी किसी और से तय कर दी गई है, तो वह उससे मिलने गई। लेकिन वहां पहुंचने पर वह उससे मिल नहीं पाई।
लौटते समय, वाहन चालक और दो अन्य लोगों ने उसे एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।’’ उन्होंने बताया कि लड़की के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद, पुलिस ने 31 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनकी उम्र 20 से 38 साल के बीच है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो (लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘लड़की का चिकित्सा परीक्षण कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।
मामले की जांच की जा रही है।’’
अन्य न्यूज़













