उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी में 17 वर्षीय नाबालिग की चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस जांच जारी

Prabhasakshi Image

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी इलाके में 17-वर्षीय एक किशोर की कुछ युवकों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मंगलवार शाम को आरोपी उसे घर से बाहर बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें जुटी हैं।

नयी दिल्ली, 29 जुलाई उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी इलाके में 17-वर्षीय एक किशोर की कुछ युवकों ने कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पीड़ित के परिवार के मुताबिक, मंगलवार शाम को आरोपियों ने लड़के को घर से बाहर बुलाया और जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे कथित रूप से चाकू से गोद दिया गया।

स्थानीय लोगों ने उसे (नाबालिग को) आजाद चौक के पास एक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं और वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में उसकी दो बहनें भी हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारी ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान करने एवं उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने कहा कि हत्या के मकसद की जांच की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़