Goa के Vasco बाजार में भीषण आग से 150 से ज्यादा दुकानें जलीं, कोई हताहत नहीं

गोवा के वास्को शहर के मुख्य बाजार में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से 150 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। चार घंटे चले संयुक्त अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मौके का मुआयना कर प्रभावित व्यापारियों को वित्तीय मदद देने का भरोसा दिया है।
गोवा के बंदरगाह शहर वास्को के एक प्रमुख बाजार में बुधवार देर रात लगी भीषण आग में 150 से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग से दुकानों और उनमें रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, आग बुधवार को आधी रात के आसपास लगी और चार घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, स्थानीय विधायकों और राज्य के एक मंत्री के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग में 150 से अधिक दुकानें जल गईं और आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
सावंत ने कहा, “यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि जिन दुकानदारों ने दिवाली के लिए अपनी दुकानों में जरूरी सामान भर रखा था, उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है।” उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को राज्य सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि वास्को में कुछ ही समय के अंतराल में आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं। पहली घटना बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे शहर के बाहरी इलाके में एक मकान में हुई।
दूसरी घटना एक गैरेज में हुई, जहां दो वाहन जलकर खाक हो गए। इन घटनाओं के कुछ ही देर बाद शहर के प्रमुख बाजार में भीषण आग लग गई। आग के दौरान दुकानदार अपने सामान को बचाने के लिए भागदौड़ करते नजर आए।
गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग बुझाने के अभियान में भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, गोवा शिपयार्ड लिमिटेड और मोरमुगाओ पोर्ट अथॉरिटी सहित विभिन्न संस्थानों की दमकल गाड़ियों को लगाया गया था।
अन्य न्यूज़













