Punjab में Congress कार्यकर्ताओं को Mallikarjun Kharge का संदेश, एकजुटता से ही मिलेगी पूरे देश में जीत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संगरूर की इंसाफ रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव जीतकर ही पूरे भारत में जीत हासिल की जा सकती है। इसके साथ ही खरगे ने राज्य की आप सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
संगरूर (पंजाब), चार नवंबर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंजाब में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव जीतती है तो वह सारा भारत जीतेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की जीत की शुरुआत पंजाब से होनी चाहिए और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। खरगे ने संगरूर में कांग्रेस की इंसाफ रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी तीखा हमला बोला और अरविंद केजरीवाल की पार्टी को भाजपा की ‘बी टीम’ करार दिया।
उन्होंने दावा किया कि ‘आप’ गुजरात, गोवा और कई राज्यों में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार को ‘नशे और भ्रष्टाचार’ की सरकार करार दिया और आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल तथा उनके लोग पंजाब में ‘हफ्ता वसूली’ कर रहे हैं। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश इकाई के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में खरगे ने इस बात पर जोर दिया कि पंजाब में कांग्रेस के लोगों को एकजुटता बनाए रखनी होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम पंजाब जीतेंगे तो सारा भारत जीतेंगे, यह मेरा दावा है। जीत यहां से शुरू होनी चाहिए और इसके लिए हम सबको मिलकर रहना चाहिए।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली का उल्लेख करते हुए कहा कि कई राज्यों और केंद्र में बैठी सरकारें वोट चोरी की सरकार हैं। इसी मुद्दे को लेकर वहां बहुत बड़ी रैली आयोजित की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश में स्थापित प्रमुख संस्थाओं को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं। खरगे ने कहा कि देश के लोगों को मतदान का अधिकार पंडित जवाहरलाल नेहरू और बाबा साहेब आंबेडकर ने दिया था, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन कर 18 वर्ष के युवाओं को भी मताधिकार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को प्रगतिशील और बेहतर राज्य बनाने का वादा करके सत्ता हासिल की थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
खरगे ने आरोप लगाया कि आप ने पहले दिल्ली को बर्बाद किया और अब पंजाब को भी बर्बाद कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के ‘‘विजन’’ को पूरा करेगी। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री का पद त्याग दिया और मनमोहन सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब के लोग चुनाव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे कांग्रेस को जीत दिला सकें। पायलट ने कहा कि संगरूर से पूरे पंजाब में सकारात्मक संदेश जाएगा और राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
अन्य न्यूज़













