मद्रास High Court का निर्देश: तिरुप्परनकुंद्रम में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सख्ती से पालन करे प्रशासन

मद्रास उच्च न्यायालय ने तमिलनाडु सरकार और स्थानीय प्रशासन को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर दीप जलाने के संबंध में शीर्ष अदालत के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। पीठ ने स्पष्ट किया कि लंबित पुनर्विचार याचिका आदेश की अवहेलना का आधार नहीं बन सकती। साथ ही निषेधाज्ञा के तहत हिरासत में लिए गए लोगों को तत्काल रिहा करने का आदेश भी दिया गया।
तमिलनाडु के मदुरै जिले की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पाषाण दीपस्तंभ ‘दीपथून’ पर कानूनी दाव-पेंच और विवाद के बीच मंगलवार को पारंपरिक दीपक को जलाया गया और इससे पहले दिन में मद्रास उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को इस संबंध में उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन करने का निर्देश दिया था। उच्च न्यायालय ने दिन में दिये फैसले में निषेधाज्ञा के तहत हिरासत में लिए गए सभी व्यक्तियों को रिहा करने का भी आदेश दिया। न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन और न्यायमूर्ति एम.डी. सुमति की पीठ ने तिरुप्परनकुंद्रम में ‘कार्तिगई दीपम’ जलाने से जुड़े विवाद की वजह से मदुरै में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत लगाए गए प्रतिबंधात्मक आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई की।
इस दौरान जिलाधिकारी निशांत कृष्णा और पुलिस उपायुक्त ए. जी. इनिगो थिव्यान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हुए। पीठ ने कहा कि तमिलनाडु की लंबित समीक्षा याचिका आदेश का पालन न करने का कोई बहाना नहीं है। उच्च न्यायालय ने मदुरै के जिलाधिकारी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस)की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दीपक जलाने की परंपरा का अनुपालन किये जाने से पहले बाध्यकारी निर्देश जारी किए।
अदालत ने जिलाधिकारी को याद दिलाया कि संविधान के अनुच्छेद 144 के तहत, वह सीधे उच्चतम न्यायालय के प्रति जवाबदेह हैं और 20 नवंबर के आदेश को लागू करने के खिलाफ दी गई किसी भी विपरीत सलाह को उन्हें नजरअंदाज कर देना चाहिए। पीठ ने कहा, ‘‘पुनर्विचार याचिका लंबित होने का अभिप्राय यह नहीं है कि आदेश का पालन न किया जाए।’’ अदालत ने साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और मंदिर प्रबंधन सहित सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे ‘दीपथून’ पर दीपक जलाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश का सख्ती से पालन करें। पहाड़ी पर अनधिकृत रूप से चढ़ने पर लगी पाबंदियों को बरकरार रखते हुए, पीठ ने फैसला सुनाया कि बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी आदेश अनुच्छेद 25 के अंतर्गत श्रद्धालुओं के मौलिक धार्मिक अधिकारों का उल्लंघन नहीं करने चाहिए।
अदालत ने साथ ही इन निषेधाज्ञाओं के तहत गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में लिए गए किसी भी व्यक्ति को तुरंत रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने एक निषेधाज्ञा जारी कर आम लोगों को उच्चतम न्यायालय के निर्देश की अवहेलना करने का आह्वान करने से रोका। पीठ ने स्पष्ट किया कि न्यायिक आदेशों की आलोचना तो की जा सकती है, लेकिन उनमें सक्रिय रूप से बाधा डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अन्य न्यूज़














