Latur में मकान रिकॉर्ड अद्यतन के बदले रिश्वत लेते ग्रामसेवक गिरफ्तार, ACB की कार्रवाई

लातूर जिले के कासरगांव में तैनात ग्रामसेवक सुलोचना गोविंद धोबले को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा है। शिकायतकर्ता से मकान खरीद से जुड़े रिकॉर्ड में प्रविष्टि के लिए 3,500 रुपये की मांग की गई थी। जांच एजेंसी ने पंचायत समिति कार्यालय की कैंटीन में जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों दबोचा।
महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक मकान के रिकॉर्ड में अद्यतन करने के लिए 3,500 रुपये की रिश्वत लेते एक ग्रामसेवक को गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आरोपी सुलोचना गोविंद धोबले (46) लातूर तहसील के कासरगांव में तैनात हैं।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने 21 अक्टूबर को कासरगांव ग्राम पंचायत कार्यालय में मकान खरीदने से संबंधित रिकॉर्ड में प्रविष्टि कराने के लिए दस्तावेज जमा किए थे और जब व्यक्ति ने रिकॉर्ड में जानकारी पूरी करने के लिए धोबले से संपर्क किया, तो उन्होंने कथित तौर पर 3,500 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत की मांग का सत्यापन किया और बुधवार को लातूर पंचायत समिति कार्यालय परिसर में स्थित कैंटीन में जाल बिछाया। एजेंसी के अनुसार, रिश्वत की रकम स्वीकार करने के बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
इसके मुताबिक धोबले के खिलाफ लातूर के शिवाजीनगर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अन्य न्यूज़













