Kolkata की Writers Building के पास बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 10 दमकल गाड़ियां तैनात

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्य कोलकाता में राइटर्स बिल्डिंग के पीछे स्थित लायंस रेंज नामक इमारत में रविवार देर रात आग लग गई। स्थानीय लोगों द्वारा ऊपरी मंजिलों से धुआं उठता देख सूचना देने पर दमकल की कम से कम 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार आग पर काबू पा लिया गया है, हालांकि इसे पूरी तरह बुझाने का काम जारी है।

कोलकाता, दो नवंबर मध्य कोलकाता में ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग के पीछे स्थित एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई, जिसके बाद दमकल की कम से कम 10 गाड़ियां तैनात की गयी हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मी जुटे हुए हैं और सोमवार सुबह भी आग बुझाने का अभियान जारी था।

स्थानीय लोगों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से आग की लपटें और घना काला धुआं उठते देखा। इसके बाद उन्होंने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। इस इमारत का नाम लायंस रेंज है।

आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि यह इमारत राइटर्स बिल्डिंग के पास स्थित है। राइटर्स बिल्डिंग पश्चिम बंगाल सरकार का पूर्व सचिवालय है, जिसमें अब भी कुछ सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों और इसके फैलने की परिस्थितियों का अभी पता नहीं चल पाया है।

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी घटना की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इसे पूरी तरह बुझाने में अभी कुछ और समय लगेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़