केरलम में PSC अनियमितताओं पर होगी सख्त कार्रवाई, मंत्री टी सिद्दीकी ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरलम के कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने कोझिकोड में कहा कि लोक सेवा आयोग में हुई कथित गड़बड़ियों के दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा आयोग के कामकाज की जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

केरलम के मंत्री टी. सिद्दीकी ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार लोक सेवा आयोग (पीएससी) में कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी तय करेगी और जिम्मेदार व्यक्तियों को न्याय के कठघरे में लाएगी। केरलम के पूर्व राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से पीएससी अध्यक्ष एम. आर. बैजू को हटाने की सिफारिश किए जाने के संबंध में पूछे गए सवालों के जवाब में सिद्दीकी ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने इन आरोपों को गंभीरता से लिया है और अपराध शाखा से पीएससी के कामकाज की जांच कराने का आदेश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के कार्यकाल के दौरान पीएससी ने भर्ती में योग्यता को नजरअंदाज कर अपनी विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है।

मंत्री ने कहा, “अपराध शाखा की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। आने वाले दिनों में जांच में अहम कदम उठाए जाएंगे। सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” राज्य के कृषि मंत्री सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में पीएससी और विश्वविद्यालयों को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि भर्ती में अनियमितताओं के कारण राज्य के युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़