Congress की दिल्ली रैली में शामिल होंगे Jammu-Kashmir के 5 हजार कार्यकर्ता

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घोषणा की है कि उसके पांच हजार कार्यकर्ता एक नवंबर को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की राष्ट्रीय रैली में भाग लेंगे। पार्टी का यह ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान कथित वोट चोरी के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है। कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला के अनुसार इस विरोध प्रदर्शन में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल भी शामिल होंगे।
जम्मू-कश्मीर से कांग्रेस के करीब 5,000 नेता और कार्यकर्ता एक नवंबर को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की बड़ी राष्ट्रीय रैली में शामिल होंगे। पार्टी नेताओं ने रविवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित होने वाली इस रैली में कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर चिंता जताई जाएगी।
इसमें देशभर के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्यों के भी शामिल होने की उम्मीद है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। भल्ला ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर के हर जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रस्तावित बड़ी रैली में शामिल होंगे।
इस देश के लोग मुख्य निर्वाचन आयुक्त के जरिए भाजपा द्वारा चुनावी व्यवस्था पर कब्जा किए जाने को बर्दाश्त नहीं करेंगे।’’ पार्टी के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘वोट चोरी’ के विभिन्न तरीकों के खिलाफ कांग्रेस के अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि अब देश के हर नागरिक को विश्वास हो गया है कि इसके पीछे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के जरिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है। भल्ला ने कहा, ‘‘ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार की हताशा इस बात से स्पष्ट है कि उसने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के खिलाफ जवाबी अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है।
इसी के तहत, भाजपा की स्थानीय इकाई ने कथित तौर पर पिछले कुछ सप्ताह में दो से अधिक बार जम्मू में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला करने की कोशिश की है। विपक्ष के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को मिल रहे व्यापक समर्थन को देखते हुए सत्तारूढ़ भाजपा की हताशा हर गुजरते दिन के साथ बढ़ने की संभावना है।’’ जम्मू में कांग्रेस की ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष नीरज कुंदन ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार और भाजपा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) तथा निर्वाचन आयुक्तों के चयन के लिए गठित समिति से भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) को बाहर करने के वास्ते कानून में संशोधन कर चुनावी हेरफेर की पहले से योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि यह उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के विपरीत था।
उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और अन्य तरीकों से मतों में हेरफेर करने तथा करोड़ों वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए विभिन्न तरीके अपनाए जा रहे हैं। कुंदन ने कहा कि पिछले एक साल में व्यापक जांच के बाद गांधी ने इन कथित अनियमितताओं को उजागर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनावी हेरफेर को आसान बनाने के लिए ज्ञानेश कुमार को सेवानिवृत्ति के बाद विशेष छूट दी है।
अन्य न्यूज़













