कर्नाटक में Siddaramaiah के खिलाफ कथित स्टिंग की BJP ने उठाई जांच की मांग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कांग्रेस नेता सिद्धरमैया को निशाना बनाकर किए गए कथित स्टिंग ऑपरेशन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हिसाब-किताब चुकता करने के लिए सीडी और पेन ड्राइव का सहारा लिया जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने कांग्रेस नेता सिद्धरमैया को निशाना बनाकर किए गए कथित स्टिंग ऑपरेशन की सोमवार को उचित जांच की मांग की और मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार तथा कांग्रेस सरकार पर इस मामले में बहुत कम रुचि दिखाने का आरोप लगाया। विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि सिद्धरमैया का इस्तेमाल करने और बाद में उन्हें दरकिनार करने की साजिश रची जा रही है, और दावा किया कि इस घटनाक्रम ने सत्ताधारी कांग्रेस के भीतर आंतरिक मतभेदों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मामलों में देरी करने के बजाय, मुख्यमंत्री को एक उचित जांच करानी चाहिए और इस पूरे प्रकरण को किसी निष्कर्ष तक पहुंचाना चाहिए।’’ विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि ‘‘राजनीतिक हिसाब-किताब चुकता करने के लिए सीडी और पेन ड्राइव का इस्तेमाल किया जा रहा है।’’ उन्होंने दावा किया कि तथाकथित सीडी फैक्ट्री , जो पहले कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) कार्यालय से संचालित हो रही थी, अब विधानसभा सौध में स्थानांतरित हो गई है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ मंत्री अपने खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो जारी होने की आशंका से डरे हुए हैं। उन्होंने शिवकुमार से जिम्मेदारी लेने और गहन जांच कराने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘यह केवल कांग्रेस पार्टी का आंतरिक मुद्दा नहीं है।’’ यह स्टिंग ऑपरेशन कर्नाटक में चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें शिवकुमार ने दावा किया है कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें फंसाने का प्रयास किया गया था। हाल ही में, शिवकुमार के पूर्ववर्ती सिद्धरमैया ने एक सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट किए गए एक मानहानिकारक वीडियो के प्रसारण पर अदालत से रोक का आदेश प्राप्त किया है।

सिद्धरमैया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक सोशल मीडिया साइट पर मानहानिकारक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में जनता दल (सेक्युलर) के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। केंद्रीय मंत्री और जेडी(एस) नेता एच डी कुमारस्वामी आरोप लगाते आ रहे हैं कि पुलिस वीडियो बनाने वाले असली दोषियों को बचाते हुए गलत लोगों को निशाना बना रही है। कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि सरकार आरोपियों को परोक्ष रूप से सहायता दे सकती है और उन्होंने जांच से जुड़ी परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने यह चेतावनी भी दी है कि यदि अधिकारी मुख्य आरोपियों को अग्रिम जमानत दिलाने में मदद करते हैं, तो जेडी(एस) चुप नहीं बैठेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़