Manoj Sinha ने Jammu में किया 10 दिवसीय Jhiri Mela का आगाज, किसानों के बलिदान को किया नमन

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को जम्मू के बाहरी इलाके में 10 दिवसीय वार्षिक झिड़ी मेले की शुरुआत की। उन्होंने 16वीं सदी के किसान-संत बाबा जित्तो और उनकी बेटी बुआ कौड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सत्य और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया। उपराज्यपाल ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र के आधुनिकीकरण के प्रयासों पर भी बल दिया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को 10 दिवसीय वार्षिक झिड़ी मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि 16वीं सदी के किसान-संत बाबा जित्तो के जीवन और सर्वोच्च बलिदान से यह संदेश मिलता है कि मनुष्य की सबसे बड़ी ताकत सत्य और आत्मसम्मान है। जम्मू शहर के बाहरी इलाके में आयोजित मेले को संबोधित करते हुए सिन्हा ने किसानों के सशक्तीकरण, डोगरा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा एक विकसित, समृद्ध और समावेशी जम्मू-कश्मीर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। उत्तर भारत के सबसे बड़े किसान मेलों में से एक झिड़ी मेले में प्रतिवर्ष 10 से 12 लाख श्रद्धालु आते हैं, जिनमें मुख्य रूप से जम्मू क्षेत्र, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के किसान शामिल होते हैं।
वे लगभग 500 वर्ष पहले एक सामंती जमींदार के शोषण का विरोध करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले बाबा जित्तो के बलिदान को याद करने के लिए यहां एकत्र होते हैं। उपराज्यपाल ने बाबा जित्तो और उनकी पुत्री बुआ कौड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा इस वार्षिक मेले को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक चेतना का प्रतीक होने के साथ-साथ आस्था, भक्ति और प्रेम का उत्सव बताया। बाबा जित्तो के जीवन को सत्य, साहस और न्याय की अमर गाथा बताते हुए सिन्हा ने कहा कि यह महान किसान असाधारण आदर्शों और चरित्र वाले एक साधारण व्यक्ति थे।
सिन्हा ने कहा कि जब जमींदार ने उनकी कड़ी मेहनत से उगाई गई फसल से अनुचित हिस्सा मांगा, तो बाबा जित्तो ने अन्याय के आगे झुकने से इनकार कर दिया और यह स्पष्ट कर दिया कि किसान के श्रम, पसीने और अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। सिन्हा ने कहा कि बाबा जित्तो और बुआ कौड़ी के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि के तौर पर एक ऐसे समाज का निर्माण करना होगा, जहां किसी भी किसान को अपने अधिकारों और सम्मान के लिए अकेले संघर्ष करने के लिए मजबूर न होना पड़े। सिन्हा ने समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) के तहत की गई पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर के कृषि, बागवानी और डेयरी क्षेत्रों में बदलाव लाने के प्रयास जारी हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से किए जा रहे उपायों में भंडारण सुविधाओं, ग्रेडिंग और पैकेजिंग इकाइयों के विस्तार के साथ-साथ फसल विविधीकरण भी शामिल हैं।
अन्य न्यूज़














