Jaipur Literature Festival के 20वें संस्करण में पॉल नर्स और कैरोलिन एल्किन्स लेंगी हिस्सा

Jaipur Literature Festival के 20वें संस्करण में पॉल नर्स और कैरोलिन एल्किन्स लेंगी हिस्सा
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जयपुर साहित्य महोत्सव के 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी कर दी गई है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में आयोजित होगा। सूची में नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक पॉल नर्स और पुलित्जर विजेता कैरोलिन एल्किन्स के साथ कई अंतरराष्ट्रीय लेखक शामिल हैं।

जयपुर साहित्य महोत्सव (जेएलएफ) ने बुधवार को अपने 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी की। इसके अनुसार जेएलएफ में नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक पॉल नर्स व पुलित्जर पुरस्कार विजेता इतिहासकार कैरोलिन एल्किन्स शिरकत करेंगी। जेएलएफ का आयोजन 14 से 18 जनवरी 2027 तक जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में किया जाएगा।

जेएलएफ की दूसरी सूची में शामिल वक्ताओं में नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक, पुलित्जर पुरस्कार विजेता लेखक के अलावा इतिहासकार, प्रख्यात साहित्यकार, पत्रकार, कलाकार तथा सार्वजनिक जीवन की जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं। इनमें फलस्तीनी लेखिका अदनिया शिबली, जैविक मानवविज्ञानी, लेखिका एलिस रॉबर्ट्स, पुलित्जर पुरस्कार विजेता जीवनीकार व लेखक बेंजामिन मोजर, इतिहासकार कैरोलिन एल्किन्स तथा उपन्यासकार क्लेयर मेसुद और भारतीय बौद्धिक इतिहास व राजनीतिक चिंतन पर शोध करने वाली अनन्या वाजपेयी शामिल हैं। शिबली के उपन्यास ‘माइनर डिटेल’ को नेशनल बुक अवॉर्ड और इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था जबकि रॉबर्ट्स मानव विकास और पुरातत्व के क्षेत्र में अपने काम के लिए जानी जाती हैं।

मराठी नाटककार व रंगमंच निर्देशक मकरंद साठे, शास्त्रीय साहित्य की अध्येता मीरा सेओ तथा कवयित्री-उपन्यासकार मोना अर्शी, ब्रिटिश संग्रहालय के पूर्व निदेशक और कला इतिहासकार नील मैकग्रेगर तथा मलयालम के प्रसिद्ध लेखक पॉल जकारिया भी जेएलएफ में अपने विचार रखेंगे। व्यवसाय, परोपकार और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र में सक्रिय अक्षता मूर्ति, पत्रकार एवं प्रसारक मिशाल हुसैन और एशियाई कला, संग्रहालयों तथा अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान की विशेषज्ञ कला इतिहासकार विशाखा एन. देसाई भी जेएलएफ में हिस्सा लेंगी। टीमवर्क आर्ट्स के प्रबंध निदेशक संजय के. रॉय ने कहा कि ऐसे समय में, जब दुनिया को सार्थक संवाद के मंचों की पहले से अधिक जरूरत है, जेएलएफ विभिन्न संस्कृतियों और विषयों के बीच संवाद को बढ़ावा देने तथा लोगों को नए विचारों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़