Gorakhpur: ईस्टर्नपुर में फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में मिला युवती का शव, हत्या का आरोप

गोरखपुर के शाहपुर इलाके में शनिवार रात एक वित्त कंपनी के कार्यालय में 20 वर्षीय युवती फंदे से लटकी पाई गई। मृतका की पहचान ईस्टर्नपुर निवासी निंकी के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पहुंची मां ने उसे देखा। परिजनों ने कंपनी प्रबंधक सूरज यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया, वहीं पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
गोरखपुर, आठ नवंबर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शाहपुर थाना क्षेत्र की ईस्टर्नपुर कॉलोनी में एक वित्त कंपनी के कार्यालय में 20 वर्षीय एक युवती का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और युवती की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतका की पहचान ईस्टर्नपुर निवासी निंकी के रूप में हुई है।
उसका शव शनिवार रात टिनकोनिया नंबर एक स्थित वित्त कंपनी के कार्यालय में फंदे से लटका मिला था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के शवगृह भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात निंकी घर नहीं लौटी तो उसकी मां विमला ने उसकी तलाश शुरू की।
रात नौ बजकर 42 मिनट पर विमला ईस्टर्नपुर स्थित वित्त कंपनी के कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्हें बाहर बेटी की चप्पलें और स्कूटर खड़ा मिला। कार्यालय का शटर खुला हुआ था।
अंदर देखने पर उन्होंने निंकी को फंदे से लटका पाया। परिजनों ने कार्यालय प्रबंधक सूरज यादव को निंकी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। निंकी के पिता राजमन वेल्डिंग का काम करते हैं, जबकि उसकी मां एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में रसोइया हैं।
वह चार बहनों में सबसे छोटी थी। उसका एक भाई वाहन सर्विसिंग केंद्र में काम करता है। रविवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने कार्यालय के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया।
उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। युवती के माता-पिता और बहनों ने आरोप लगाया कि सूरज यादव ने उसकी हत्या की है। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे।
उन्होंने घटना के समय कार्यालय में मौजूद लोगों और निंकी के वहां पहुंचने की परिस्थितियों को लेकर भी सवाल उठाए। गोरखनाथ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रवि कुमार सिंह ने बताया कि युवती की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अन्य न्यूज़














