Goa Tourism में भारी इजाफा, सात महीनों में पहुंचे 61.38 लाख पर्यटक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गोवा के पर्यटन विभाग के अनुसार इस साल जनवरी से जुलाई के बीच राज्य में 61.38 लाख सैलानियों का आगमन हुआ है। विभाग का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय निजी उड़ानों की बढ़ती बुकिंग से आगामी सर्दियों के मौसम में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

गोवा में इस साल के पहले सात महीनों में 61.38 लाख पर्यटक पहुंचे। राज्य के पर्यटन विभाग ने शनिवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय निजी उड़ानों की बुकिंग बढ़ने से सर्दियों में पर्यटकों की संख्या में अच्छी वृद्धि की उम्मीद है। विभाग ने कहा कि आमतौर पर मानसून में पर्यटन गतिविधियां कम रहने के बावजूद पर्यटकों की संख्या में यह मजबूत बढ़ोतरी यात्रा संबंधी बदलती पसंद को दर्शाती है।

अब पर्यटक केवल समुद्र तटों तक सीमित पर्यटन के बजाय संस्कृति, स्वास्थ्य और खान-पान से जुड़े अनुभवों को भी पसंद कर रहे हैं। पर्यटन विभाग की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, गोवा में पर्यटकों के आगमन में कुल मिलाकर वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी से जुलाई 2026 के बीच राज्य में 61.38 लाख पर्यटक पहुंचे।

राज्य के पर्यटन मंत्री रोहन खौंटे ने कहा, ‘‘पहले सात महीनों में पर्यटकों के आगमन में हुई कुल वृद्धि से पता चलता है कि वैश्विक पर्यटन बाजार में अनिश्चितता के बावजूद गोवा की मांग बनी हुई है।’’ उन्होंने कहा कि पर्यटक पारंपरिक रूप से समुद्र तट पर छुट्टियां मनाने से आगे बढ़कर अब गोवा की संस्कृति, खान-पान, विरासत, स्वास्थ्य, प्रकृति और स्थानीय समुदायों से जुड़े अनुभवों को पसंद करने लगे हैं। खौंटे ने कहा, ‘‘हम स्थापित और उभरते बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। साथ ही, ऐसे पर्यटन उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जो पर्यटकों को पूरे साल गोवा आने के लिए आकर्षित करे।

हालिया आंकड़ों में दिखी मजबूती से हमें भरोसा है कि वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर गोवा की स्थिति मजबूत बनी हुई है।’’ पर्यटन विभाग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया आगामी सर्दियों के मौसम के लिए हुई अग्रिम बुकिंग और टीयूआई की ओर से घोषित योजनाओं में भी दिखाई दे रही है। ली पैसेज टू इंडिया (टीयूआई समूह) के सहायक उपाध्यक्ष नहुष बर्गी ने कहा, ‘‘टीयूआई की निजी उड़ानों से पर्यटकों का आगमन नवंबर से शुरू होगा। ब्रिटेन से हर सप्ताह चार उड़ानें संचालित होंगी, जिनमें दो मैनचेस्टर और दो गैटविक से होंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही है।

अभी तक 15,300 यात्रियों ने बुकिंग कराई है, जो पिछले साल इसी समय की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़