पंजाबी बाग में तेज रफ्तार DTC इलेक्ट्रिक बस की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय सोनू की मौत

पंजाबी बाग में तेज रफ्तार DTC इलेक्ट्रिक बस की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय सोनू की मौत
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पश्चिमी दिल्ली के रोहतक रोड पर बुधवार सुबह डिलीवरी बॉय सोनू की बाइक को एक इलेक्ट्रिक बस ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर बस में तोड़फोड़ की और पुलिस को शव ले जाने से रोका। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डीटीसी की एक इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से 22 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह घटना पश्चिमी दिल्ली के रोहतक रोड पर अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुई, जब एक ‘ई-कॉमर्स’ मंच के लिए सामान पहुंचाने का काम करने वाला सोनू एक ऑर्डर देने जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:23 बजे पंजाबी बाग थाने में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की एक बस ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान पंजाबी बाग की इंदिरा कॉलोनी निवासी सोनू के रूप में हुई है। उनके मुताबिक, सोनू अपने परिवार के साथ एक झुग्गी में रहता था।

घटना के बाद स्थानीय निवासियों और सामान पहुंचाने का काम करने वाले कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क को अवरुद्ध कर दिया और बस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि मौके पर बड़ी भीड़ जमा हो गई और वे पुलिस को शव नहीं ले जाने दे रहे थे। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पंजाबी बाग से जखीरा की ओर जाने वाले मार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया, जिससे क्षेत्र में यातायात बाधित हो गया।

यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी किया, जिसमें यात्रियों से इस मार्ग से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने को कहा गया। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए मौके पर यातायात कर्मियों को तैनात किया गया था। मृत व्यक्ति के रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि सोनू एक ऑर्डर पहुंचाने जा रहा था तभी डीटीसी बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, इस इलाके में पहले भी ऐसा हो चुका है। अधिकारी कहते हैं कि सीसीटीवी कैमरे काम नहीं करते हैं। उन्होंने कोई न्याय नहीं किया।

फिर सरकार क्या कर रही है? अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़