Derek O Brien ने Amit Shah की बहस की चुनौती पर पुराना वीडियो साझा कर साधा निशाना

Derek O Brien ने Amit Shah की बहस की चुनौती पर पुराना वीडियो साझा कर साधा निशाना
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर संसद में चर्चा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री की चुनौती पर पलटवार किया है। उन्होंने राज्यसभा की कार्यवाही का वीडियो जारी करते हुए कहा कि विपक्ष पहले ही इस पर बहस की मांग कर चुका था, जिसे तब अनुमति नहीं मिली थी।

नयी दिल्ली, चार नवंबर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव डेरेक ओ ब्रायन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उस चुनौती पर बुधवार को पलटवार किया, जिसमें उन्होंने विपक्ष को संसद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर बहस करने की चुनौती दी थी। ओ ब्रायन ने याद दिलाया कि कैसे पिछले साल राज्यसभा में इस मुद्दे पर चर्चा की ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की मांग को स्वीकार नहीं किया गया था। राज्यसभा में तृणमूल के संसदीय दल के नेता ओ ब्रायन ने एक दिसंबर 2025 की सदन की कार्यवाही का दो मिनट का एक वीडियो साझा किया, जब उन्होंने और अन्य विपक्षी सदस्यों ने सभापति से एसआईआर सहित चुनावी सुधारों पर चर्चा कराने का आग्रह किया था।

ओ ब्रायन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘(नरेन्द्र) मोदी-शाह और उनके सहयोगियों के लिए एक विशेष वीडियो। संसद में उन्होंने जो उपहास उड़ाया था ये वीडियो उसी की याद दिलाता है। एक दिसंबर 2025 की राज्यसभा की कार्यवाही का यह दो मिनट वीडियो पूरी कहानी बयां करता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने एसआईआर पर चर्चा की मांग की थी।

भाजपा ने इसे रोक दिया। और आज, बहस करने की बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं!’’ इससे पहले मंगलवार को शाह ने कहा था कि सरकार एसआईआर पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है और उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बहस में शामिल होने की चुनौती दी थी। रायपुर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस पर संसदीय कार्यवाही को बाधित करने और सदन में चर्चा करने के बजाय राजनीतिक विवादों को सड़कों पर ले जाने का आरोप लगाया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़