Delhi Weather Today: कल रिकॉर्ड तोड़ गर्म रात से बेहाल थी दिल्ली, आज आंधी-बारिश का Yellow Alert जारी

Delhi Weather Today
AI Generated

दिल्ली में मौसम की सबसे गर्म रात दर्ज की गई, जहाँ न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। इस बीच, मौसम विभाग ने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

राष्ट्रीय राजधानी में मौसम की सबसे ‘‘गर्म रात’’ दर्ज किए जाने के बीच, कुछ इलाकों में मंगलवार को गरज-चमक के साथ बारिश का‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, कई केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.6 से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, जो ‘गर्म रात’ की स्थिति को दर्शाता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, ‘गर्म रात’ तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना रहे।

केंद्रवार आंकड़ों के मुताबिक, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक था। पालम में 27.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। लोधी रोड में तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज में सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आयानगर में तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

साथ ही, चक्रवाती परिसंचरण के कारण गरज-चमक के साथ बारिश का भी पूर्वानुमान है। इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 196 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़