Delhi Monsoon | बीते 10 महीने के मुकाबले सबसे ज्यादा साफ रही हवा, रिज क्षेत्र में सामान्य से अधिक हुई बारिश

Delhi Air quality
ANI
रेनू तिवारी । Jul 9 2026 8:19AM

दिल्ली के रिज क्षेत्र में जुलाई में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं, बुधवार को राजधानी की हवा बीते 10 महीनों के मुकाबले सबसे साफ रही। हालांकि, भारी बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव और जाम के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून का आक्रामक रूप देखने को मिल रहा है। दिल्ली के रिज क्षेत्र में जुलाई के शुरुआती आठ दिनों में सामान्य से दोगुनी से भी अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस मूसलाधार बारिश ने जहाँ एक तरफ दिल्लीवालों को भीषण जाम और जलभराव की मुसीबत में डाल दिया, वहीं दूसरी तरफ शहर की हवा को पिछले 10 महीनों में सबसे साफ और शुद्ध बना दिया है। हालांकि, भारी बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव और जाम के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रिज मौसम केंद्र में एक जुलाई से आठ जुलाई सुबह 8.30 बजे तक 79.1 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि के लिए दीर्घकालिक औसत 31.2 मिमी है।

बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां पंजाबी बाग और शादीपुर के बीच कई घंटों तक यातायात लगभग ठप रहा। आईटीओ चौराहे पर भी जाम की स्थिति देखने को मिली। कम दृश्यता और जलभराव के कारण रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। खासकर धौला कुआं, महिपालपुर और राजोकरी के आसपास यातायात प्रभावित रहा।

इसे भी पढ़ें: देशभर में मानसून का कहर: बाढ़ और भूस्खलन ने बढ़ाई मुसीबतें, दिल्ली-मुंबई में जलभराव, पुणे में इमारत गिरने से 11 लोगों के फंसे होने की आशंका

आश्रम के पास मथुरा रोड, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, जखीरा फ्लाईओवर, मोती नगर, पटेल नगर, नारायणा, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, मूलचंद, आजादपुर, मुकरबा चौक और दिल्ली-नोएडा लिंक रोड के कई हिस्सों में भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 59 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा। चार सितंबर 2025 के बाद बुधवार को एक्यूआई सबसे कम रहा। उस दिन एक्यूआई 58 दर्ज किया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’ माना जाता है, जबकि 51 से 100 के बीच का एक्यूआई ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

इसे भी पढ़ें: Privacy पर छिड़ी बहस के बीच Meta का बड़ा एक्शन, AI Glasses में छेड़छाड़ पर बंद होगा Camera

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 8.30 बजे तक सफदरजंग में कुल 14.2 मिमी, पालम में 19.2 मिमी, लोधी रोड में 17.8 मिमी, रिज में 54.3 मिमी, आया नगर में 37.6 मिमी, राजघाट में 18.6 मिमी, पूसा में 44.5 मिमी, नजफगढ़ में 85.5 मिमी और मयूर विहार में 24.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच सफदरजंग में 26.0 मिमी, पालम में 27.9 मिमी, लोधी रोड में 30.0 मिमी, रिज में 11.8 मिमी, आया नगर में 22.2 मिमी, राजघाट में 10.1 मिमी, पूसा में 30.5 मिमी, नजफगढ़ में 38.0 मिमी और मयूर विहार में 26.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली के नगर निकायों को दिनभर में बारिश से संबंधित जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की कम से कम 10 शिकायतें मिलीं।

आईएमडी ने बृहस्पतिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अनुमान के मुताबिक, आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलती रहेगी। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़