नौसेना को मिलेंगे 8 Next Generation Corvettes, GRSE और GSL संग हुआ करार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए आठ नए कॉर्वेट युद्धपोतों की खरीद को लेकर दो सरकारी शिपयार्ड कंपनियों के साथ 53,866 करोड़ रुपये के समझौते किए हैं। इन अनुबंधों के तहत जीआरएसई पांच और जीएसएल तीन कॉर्वेट का निर्माण करेगी। यह परियोजना देश की स्वदेशी युद्धपोत डिजाइन और निर्माण क्षमताओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

नयी दिल्ली, दो नवंबर रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि उसने नौसेना के लिए आठ युद्धपोत खरीदने के वास्ते दो सरकारी जहाज निर्माण कंपनियों के साथ 53,866 करोड़ रुपये के अनुबंध किए हैं। मंत्रालय ने बताया कि ये अनुबंध ‘गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड’ (जीआरएसई) और ‘गोवा शिपयार्ड लिमिटेड’ (जीएसएल) के साथ किए गए हैं जिनके तहत आठ अगली पीढ़ी के कॉर्वेट (एनजीसी) खरीदे जाएंगे। ‘कॉर्वेट’ छोटे आकार के, तेज गति से चलने वाले युद्धपोत होते हैं, जो ‘फ्रिगेट’ और विध्वंसक युद्धपोतों की तुलना में आकार में छोटे होते हैं।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘इन अनुबंधों के तहत जीआरएसई पांच कॉर्वेट बनाएगी जबकि जीएसएल बाकी तीन कॉर्वेट का निर्माण करेगी।’’ मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह परियोजना भारत की स्वदेशी युद्धपोत डिजाइन और निर्माण क्षमताओं में एक अहम मील का पत्थर है। यह पहली ऐसी परियोजना है जिसमें जहाजों का डिजाइन भारतीय नौसेना स्वदेशी रूप से तैयार करेगी और उनका निर्माण प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के जरिये चुने गए रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (डीपीएसयू) करेंगे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़