Gonda में CM Yogi Adityanath ने 520 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण, सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा के छपिया में गौरा और मनकापुर के लिए 520 करोड़ रुपये से अधिक की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में दंगे, कर्फ्यू और अपराध का बोलबाला था। मुख्यमंत्री ने सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को विभिन्न सरकारी विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण देने की भी बात कही।
गोंडा (उप्र), दो नवंबर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी को प्रदेश के लिये ‘श्राप’ करार हुए सोमवार को कहा कि सपा जब भी सत्ता में आई, उत्तर प्रदेश में तबाही लाई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उसके (सपा के) शासन में दंगे, कर्फ्यू और अपराध का बोलबाला था तथा पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ सोमवार को गोंडा के छपिया विकासखंड की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने गौरा और मनकापुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, शिक्षा और पुलों से जुड़ी इन परियोजनाओं के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति पत्र और अन्य सामग्री भी वितरित की। सपा पर निशाना साधते हुए आदित्यनाथ ने कहा, “समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में गोंडा में अनाज का सबसे बड़ा घोटाला हुआ था।
यह पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए एक ‘श्राप’ है, और जब भी यह (सत्ता में) आई है, इसने केवल अराजकता ही फैलाई है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा में बाधाएं खड़ी की जाती थीं, जबकि अब गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने दो नवंबर 1990 की घटना याद दिलाते हुए कहा कि इसी दिन अयोध्या में तत्कालीन सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं। उन्होंने कहा कि सपा ने रामभक्तों को गोलियों से लहूलुहान किया, जबकि भाजपा सरकार ने रामभक्तों पर पुष्पवर्षा कर राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास का मतलब केवल सैफई था। अब सभी 75 जिलों तक योजनाएं पहुंच रही हैं। गोंडा के लिए साढ़े नौ वर्षों में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक और पूरे देवीपाटन मंडल के लिए लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन और कारागार सहित विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण और बिना परीक्षा सीधी भर्ती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को भी पुलिस उपाधीक्षक और खेल अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए जेल या जहन्नुम के अलावा तीसरी कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि अब माफिया विकास योजनाओं को रोक नहीं सकते। गोंडा के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे महानगरों में नहीं जाना पड़ेगा। निवेश से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ेगा।
इस दौरान मौजूद केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में माफिया राज था, जबकि बसपा सरकार में पार्टी प्रमुख के जन्मदिन के नाम पर जनप्रतिनिधियों से वसूली होती थी। उन्होंने कहा कि पहले बिजली, राशन और महिलाओं की सुरक्षा की समस्या थी। अब किसानों को सिंचाई के लिए बिजली, गरीबों को मुफ्त राशन और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से रोजगार मिल रहा है।
गोंडा में मेडिकल कॉलेज, पुलों और सड़कों का निर्माण हुआ है।
अन्य न्यूज़













