Chaibasa में डायन बताकर आदिवासी महिला की गला घोंटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराइकेला थाना क्षेत्र में 46 वर्षीय रेंदाई सुम्भरुई की शुक्रवार देर रात सोते समय हत्या कर दी गई। मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और डायन प्रथा निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जादू-टोना करने के संदेह में 46 वर्षीय आदिवासी महिला की हत्या के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। चाईबासा सदर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बहमन तुती ने बताया कि पुलिस को शनिवार सुबह घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम कराइकेला थाना क्षेत्र के कोलजोमरो गांव पहुंची और वहां से महिला का खून से लथपथ शव बरामद किया गया।

उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान रेंदाई सुम्भरुई के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि महिला शुक्रवार देर रात अपने घर में सो रही थी, तभी चारों आरोपी घर में घुस गए और उससे मारपीट की और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और डायन प्रथा निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में जोनुआ गांव के निवासी बुधु होनहागा, मार्टिन डिग्गी, मार्टुस होनहागा और मधुसूदन होनहागा को गिरफ्तार किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़