Lucknow Agra Expressway पर पलटी बस, 3 यात्रियों की मौत और 44 घायल

लखनऊ के बाहरी इलाके में सोमवार सुबह एक यात्री बस के सड़क किनारे पलट जाने से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 44 अन्य घायल हो गए। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के अनुसार यह दुर्घटना पारा थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास हुई। घायलों का इलाज लोकबंधु अस्पताल और केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है तथा हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
लखनऊ, नौ नवंबर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बाहरी इलाके में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक बस के सड़क किनारे पलट जाने से तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 44 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि हादसा सुबह करीब छह से साढ़े छह बजे के बीच पारा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के पहले टोल प्लाजा के पास हुआ।
पाठक ने पत्रकारों को बताया कि घायलों में से तीन को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया। इनमें दो यात्रियों को लोकबंधु अस्पताल में, जबकि एक को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) ले जाया गया था। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल 31 यात्रियों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 13 अन्य का इलाज केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सभी घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा, हमारी प्राथमिकता घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और जिला प्रशासन के माध्यम से उनके परिजनों को हादसे की सूचना देना है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए पाठक ने कहा कि मार्ग से जुड़े जिलों के प्रशासन और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को निगरानी बढ़ाने तथा वाहन चालकों को लगातार सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को नींद आने या लापरवाही से तेज गति में वाहन चलाने के कारण होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे। वाहनों की तत्काल जांच की जानी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर उनकी गति नियंत्रित की जानी चाहिए।
पाठक ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाना जरूरी है, लेकिन प्राथमिकता ऐसी परिस्थितियों को रोकने की होनी चाहिए जिनसे यात्रियों की जान खतरे में पड़ती है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अन्य न्यूज़














