गंगानगर में Anupgarh के पास रेल पटरी पर धमाका, सूरतगढ़ रूट की ट्रेनें रद्द

गंगानगर में Anupgarh के पास रेल पटरी पर धमाका, सूरतगढ़ रूट की ट्रेनें रद्द
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

राजस्थान के अनूपगढ़ कस्बे के पास मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट से सीमेंट के दो ब्लॉक क्षतिग्रस्त हो गए और वहां गड्ढा बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं, जिसके बाद सूरतगढ़-अनूपगढ़ मार्ग की दो ट्रेनों के फेरे निरस्त किए गए हैं।

जयपुर, चार नवंबर राजस्थान के सीमावर्ती गंगानगर जिले में रेल की एक पटरी पर मंगलवार रात हुए धमाके के बाद इस मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती अनूपगढ़ कस्बे के पास मंगलवार रात लगभग दस बजे पटरी पर धमाका हुआ।

इससे पटरी के सीमेंट के दो ब्लॉक को नुकसान पहुंचा और वहां गड्ढा हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास खेतों में रह रहे लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एवं जांच एजेंसियां मौके पर पहुंची।

जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। धमाके के कारण व विस्फोटक के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। वहीं रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि इस मार्ग पर सूरतगढ़ - अनूपगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेन के दो फेरे आज बुधवार को अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि सीमावर्ती इलाके का यह रेल मार्ग अनूपगढ़ तक ही है। यह मार्ग अनूपगढ़ को सूरतगढ़ से व उसके बाद आगे रेल नेटवर्क से जोड़ता है। इस रूट पर देर रात कोई ट्रेन नहीं चलती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़